सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा की फिल्म 'जबरिया जोड़ी' का प्रचार शुरू हो गया है। फिल्म को 2 अगस्त को रिलीज होना है। अब फिल्म रिलीज में 35 दिन भी नहीं बचे हैं, इसलिए पोस्टर जारी करके माहौल बनाया जा रहा है, उम्मीद है कि अगले हफ्ते इसका ट्रेलर रिलीज कर दिया जाएगा।
'जबरिया जोड़ी' पकड़वा शादियों के घटनाओं पर आधारित है जो उत्तरी राज्य बिहार में बहुत प्रचलित है। फ़िल्म की प्रमाणिकता बनाए रखने के लिए इसे उत्तर प्रदेश के वास्तविक स्थानों पर फ़िल्माया गया है। इसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा पहली बार एक देहाती किरदार निभाते हुए नज़र आएंगे। लोकप्रिय ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री के साथ, सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा एक अनोखी प्रेम कहानी प्रस्तुत करने के लिए एक साथ वापसी कर रहे है। फिल्म में जावेद जाफरी, अपारशक्ति खुराना, संजय मिश्रा और चंदन रॉय सान्याल जैसे दमदार कलाकारों की टोली नज़र आएगी।
फिल्म का निर्देशन प्रशांत सिंह कर रहे हैं और निर्माण एकता कपूर का है। लंबे समय से यह फिल्म बन रही है। फिल्म की शूटिंग लखनऊ में पिछले साल अगस्त में शुरू हुई थी। उसी दौरान इसका फर्स्ट लुक जारी हुआ था।
फिल्म की कहानी बिहार की है। इसमें लड़के की शादी जबरन कर दी जाती है। सिद्धार्थ ने भोजपुरी भाषा की पूरी ट्रेनिंग भी ली थी। वही परिणीति भी फिल्म में भोजपुरी बोलने के लिए ट्रेनिंग ले चुकी हैं। नाम पहले 'शॉटगन शादी' रखा गया था लेकिन बाद में इसे बदल दिया गया। इस फिल्म के लिए पहले श्रद्धा कपूर से बातचीत चल रही थी लेकिन चूंकि उनके पास डेट्स नहीं थीं। सो, यह फिल्म परिणीति के खाते में चली गई। श्रद्धा के खाते की फिल्में ही आजकल परिणीति कर रही हैं। साइना की बायोपिक भी पहले श्रद्धा के पास थी और अब परिणीति के पास है
इसकी कहानी को लेकर कई दिलचस्प पहलू लोगों के सामने आएंगे। निर्देशक प्रशांत सिंह की यह पहली फिल्म है। प्रशांत ने आनंद एल राय के साथ कई फिल्मों में बतौर असिटेंट काम किया है। अब ट्रेलर से पता लगेगा कि इसे लेकर कैसा माहौल है।
Comment Now