नई दिल्ली. कांग्रेस की सोशल मीडिया प्रमुख दिव्या स्पंदना (राम्या) का ट्विटर अकाउंट दिखना बंद हो गया है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्होंने खुद अपना अकाउंट बंद किया है। इससे पहले शनिवार को उनके अकाउंट से सारे ट्वीट डिलीट हो गए थे और उनकी बारे में जानकारी भी हट गई थी। इसमें उनके कांग्रेस से जुड़े होने की बात भी नहीं थी।
कांग्रेस और दिव्या स्पंदना ने इस मुद्दे पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, जब स्पंदना से पूछा गया कि क्या उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी है, तो उनका जवाब था कि आपकी जानकारी गलत है।
सोशल मीडिया पर कांग्रेस को खड़ा करने के लिए जानी जाती हैं दिव्या
सोेशल मीडिया के जरिए कांग्रेस पार्टी को लोगों तक पहुंचाने में दिव्या की अहम भूमिका मानी जाती है। हालिया चुनाव प्रचार में उन्होंने कई बार अपने अकाउंट से कांग्रेस की योजनाएं साझा की थीं। साथ ही वे भाजपा पर भी निशाने साधती थीं।
लोकसभा चुनाव में उन्होंने एक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना जर्मन तानाशाह एडोल्फ हिटलर से कर दी थी, इसके बाद उनके ट्वीट पर विवाद हो गया था।
आखिरी ट्वीट में निर्मला सीतारमण को दी थी बधाई
दिव्या ने अपना आखिरी ट्वीट एनडीए-2 कैबिनेट के शपथग्रहण के बाद किया था। इसमें उन्होंने देश की नई वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई देते हुए लिखा था, “आपसे पहले सिर्फ एक महिला ने ही यह जिम्मेदारी निभाई थी। वह थीं 1970 में इंदिरा गांधी। हम महिलाओं को इसका गर्व है। जीडीपी अभी ठीक नहीं लग रही। मुझे विश्वास है कि अर्थव्यवस्था कोे ठीक करने में आप शानदार काम करेंगी। आपको हमारा समर्थन। शुभकामनाएं।”
Comment Now