Sunday, 27th July 2025

मप्र / राहुल इस्तीफे पर अड़े, सिंधिया को मप्र में अध्यक्ष बनाने की मांग उठी

Tue, May 28, 2019 6:33 PM

 

  • सियासी घमासान हार के बाद देशभर में कांग्रेस में उथल-पुथल का दौर
  • राजस्थान के सीएम गहलोत से नहीं मिले राहुल, नेतृत्व परिवर्तन की संभावना

नई दिल्ली/भोपाल . लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद कांग्रेस में देशभर में संगठन में बदलाव की चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी भी अपने इस्तीफे पर अड़े हुए हैं। सोमवार को मिलने पहुंचे पार्टी नेता अहमद पटेल और महासचिव केसी वेणुगोपाल को राहुल ने नया नेता चुनने की बात कही। इधर, मप्र में कमलनाथ की जगह ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग उठ गई। सिंधिया ने वेणुगोपाल से चर्चा की। इससे पहले वेणुगोपाल राहुल से मिले। इसके बाद वे फिर सिंधिया से मिले। इससे सिंधिया को प्रदेश में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की अटकलें तेज हो गईं। इधर, सिंधिया को प्रदेश अध्यक्ष बनाने के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने आवाज उठाई तो महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी ने इसका समर्थन कर दिया। दोनों मंत्री सिंधिया खेमे से हैं।  


उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ को पिछले वर्ष अप्रैल में कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। विधानसभा चुनाव जीतने के बाद वे मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष दोनों पद संभाल रहे हैं। हालांकि प्रदेश कांग्रेस की ओर से इस बात का खंडन किया गया है कि कमलनाथ प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहे हैं। वहीं सिंधिया भी गुना लोकसभा सीट से चुनाव हार चुके हैं।

महासचिव वेणुगोपाल ने सिंधिया को दिया राहुल का मैसेज

प्रद्युम्न सिंह और इमरती देवी ने कहा- युवा के हाथ में हो प्रदेश की कमान

  • मैं सिंधिया कैंप का होने के नाते यह नहीं कह रहा। प्रदेश का हर कार्यकर्ता चाहता है कि प्रदेश कांग्रेस की कमान युवा व ऊर्जावान व्यक्ति के हाथ में हो। -प्रद्युम्न सिंह तोमर
  •  सिंधिया ऊर्जावान नेता हैं। राहुल गांधी को उन्हें अच्छा पद देना चाहिए, चाहे वह प्रदेश अध्यक्ष का पद हो। -इमरती देवी

संकेत : राष्ट्रीय सम्मेलन बुला सकती है कांग्रेस, हो सकते हैं 3 कार्यकारी अध्यक्ष 

  • संकेत मिले हैं कि राहुल नहीं माने ताे कुछ दिन में पार्टी का एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन बुलाकर उनसे इस्तीफे पर पुनर्विचार की मांग की जाएगी। 
  • राहुल की मदद के लिए तीन कार्यकारी अध्यक्ष बनाने की भी अटकलें हैं। इनमें एके एंटनी, अहमद पटेल, कैप्टन अमरिंदर सिंह के नाम हैं। 
  • हार के कारणों की समीक्षा-संगठनात्मक ढांचे में परिवर्तन के लिए जल्द समितियां बनेंगी।

राजस्थान  : कई मंत्री-विधायक हार की जवाबदेही तय करने की मांग कर चुके - पुत्रमोह की राहुल की टिप्पणी के कारण राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ प्रदेश संगठन में आवाज उठने लगी है। सोमवार को कई मंत्रियों व विधायकों ने मांग की कि लोकसभा चुनाव में हार की जवाबदेही तय की जाए। वहीं गहलोत से राहुल गांधी ने सोमवार को मिलने से मना कर दिया। इससे चर्चा गर्म है कि राजस्थान में जल्द नेतृत्व परिवर्तन हो सकता है।

पंजाब, झारखंड अाैर असम के प्रदेशाध्यक्षाें ने भी दिए इस्तीफे : लोकसभा चुनाव में हार की जिम्मेदारी लेते हुए पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़, झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार और असम कांग्रेस अध्यक्ष रिपुन बोरा ने साेमवार काे इस्तीफा दे दिया। अब तक विभिन्न प्रदेशों के 13 वरिष्ठ नेता राहुल गांधी काे इस्तीफा भेज चुके हैं। 

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery