खरगोन/बड़वानी. लोकसभा चुनाव के आखिरी दौर के चुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने बड़े नेताओं को बुलावा भेजा है। विधानसभा चुनाव में 30 अक्टूबर को उनके दौरे से प्रदेश व क्षेत्र में माहौल तैयार हुआ था। 11 मई को नवग्रह मेला मैदान पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की चुनावी सभा होगी।
लोकसभा कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. गोविंद मुजाल्दा ने कार्यक्रम की अधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया गांधी दोपहर बाद 4.40 बजे धार से आएंगे। वे यहां एक घंटा रहेंगे। खरगोन जिले की छह विधानसभा में भाजपा की करारी हार 6-0 व बड़वानी में भी 3-1 की लीड मिलने से भाजपा में हड़बड़ी मची है। दोपहर को यह जानकारी सामने आने पर भाजपा खरगोन व बड़वानी जिलाध्यक्ष ने प्रदेश संगठन को प्रधानमंत्री मोदी का दौरा तैयार करने को कहा।
भाजपा खरगोन व बड़वानी जिलाध्यक्ष परसराम चौहान व ओम खंडेलवाल ने बताया प्रधानमंत्री की सभा को लेकर प्रदेश संगठन के लगातार संपर्क किया है। 14 या 15 मई को मोदी की सभा खरगोन में होगी। इंदौर झोन के चार लोकसभा क्षेत्र इंदौर, धार, खरगोन व खंडवा में से एक सभा होना है।
राहुल का दौरा तय होने के बाद खरगोन व खंडवा लोकसभा क्षेत्र में मोदी की एक सभा होने की जानकारी दी थी। इसके चलते भीकनगांव में मोदी की सभा प्रस्तावित थी। लेकिन बाद में इसे खरगोन में निर्धारित किया है। खरगोन-बड़वानी संसदीय सीट के लिए आखिरी चरण में 19 मई को मतदान होना है। राजनीतिक दलों के अनुसार 10 से 15 मई के बीच बड़े नेताओं की सभा होगी।
विधानसभा क्षेत्र में कमलनाथ-शिवराज कमान संभालेंगे : खरगोन व बड़वानी जिलों की अलग-अलग विधानसभाओं में चुनावी सभा के लिए कांग्रेस के लिए मुख्यमंत्री कमलनाथ तो भाजपा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान कमान संभालेंगे। बड़वानी भाजपा जिलाध्यक्ष खंडेलवाल ने बताया पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान 12 से 14 मई के बीच जिले की चारों विधानसभा में सभा लेंगे। इसी तरह महेश्वर व मंडलेश्वर में भी मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय हो गया है। बड़वानी कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्र दरबार ने बताया पलसूद में मुख्यमंत्री कमलनाथ की सभा हाेगी। अभी तारीख व स्थान तय नहीं हुआ है।
खरगोन विस के मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण शुरू : लोकसभा चुनाव में मतदान दल में शामिल कर्मचारियों का दूसरे चरण का प्रशिक्षण सोमवार को शुरू हुआ। संत जूद हायर सेकेंडरी स्कूल में शुरू हुआ प्रशिक्षण शिविर शाम 5 बजे तक चलेगा।
Comment Now