नई दिल्ली. लोकसभा चुनाव 2019 के पांचवे चरण के लिए मतदान जारी है। देश के कुछ हिस्सों से चुनावी हिंसा की खबरें आ रही हैं। बिहार में ईवीएम तोड़ गई। कश्मीर के पुलवामा में मतदान केंद्र के बाहर हैंड ग्रेनेड से हमला किया गया। पश्चिम बंगाल में एक भाजपा प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि उस पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हमला किया। इन कुछ घटनाओं को छोड़ दें तो आमतौर पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है।
ईवीएम तोड़ने वाला शख्स गिरफ्तार
बिहार के छपरा में मतदान के दौरान बूथ क्रमांक 131 पर एक शख्स ने ईवीएम ही तोड़ दी। आरोपी का नाम रंजीत पासवान बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बता दें छपरा सारण लोकसभा सीट के अंतर्गत आता है। यहां मुकाबला रोचक है। भाजपा की तरफ से राजीव प्रताप रूडी और महागठबंधन की तरफ से लालू प्रसाद यादव के समधी चंद्रिका राय मैदान में हैं। पिछली बार यह सीट रूडी ने जीती थी।
पुलवामा में ग्रेनेड हमला
न्यूज एजेंसी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सोमवार को मतदान के दौरान एक मतदान केंद्र के बाहर अज्ञात लोगों ने ग्रेनेड से हमला किया। विस्फोट वोटिंग सेंटर से करीब 200 मीटर हुआ और इसमें किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ। कश्मीर में तीन चरणों में मतदान हो रहा है। आज आखिरी चरण है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया। बता दें रविवार को अज्ञात लोगों ने उन दो स्कूलों में आग लगा दी थी जहां मतदान केंद्र बनाए गए थे।
टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप
पश्चिम बंगाल में बैरकपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी अर्जुन सिंह ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया है। सिंह के अनुसार- सोमवार को जब वे एक गांव में मतदाताओं से बातचीत कर रहे थे तभी कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। सिंह ने कहा कि उन्हें कुछ चोटें आईं हैं और वो घटना की शिकायत चुनाव आयोग से करेंगे। भाजपा प्रत्याशी ने इसे सुनियोजित हमला करार दिया।
Comment Now