भोपाल. कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और भाजपा से साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के मैदान में होने से पूरे देश की निगाहें भोपाल संसदीय सीट पर लग गई हैं। मिसरोद में चुनाव प्रचार के दौरान प्रज्ञा ठाकुर ने भावनात्मक भाषण दे लोगों के सामने अपनी झोली फैला चुनाव के लिए चंदा मांगा तो ईंटखेड़ी इलाके में दिग्विजय सिंह ने कहा कि उनके राधौगढ़ स्थित घर में सात मंदिर है। वो एकादशी का व्रत भी रखते हैं।
मेरे घर में सात मंदिर, चाहे तो आकर देख सकते हैं: सोमवार को चुनाव प्रचार के दौरान भोपाल के नजदीक ईंटखेड़ी में दिग्विजय सिंह जब बीते चुनाव में 15 लाख खाते में आने की बात कही तो एक युवक ने एयर स्ट्राइक का उल्लेख कर हिसाब बराबर की बात कह दी। इसके बाद दिग्विजय सिंह ने युवक को मोदी भक्त कहते हुए मंच से उतार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा मुझे हिंदू विरोधी कहती है। पांव-पांव नर्मदा यात्रा मैंने की है। राघौगढ़ आकर मेरा घर देखें 7 मंदिर हैं। इसमें से चार मंदिरों में अखंड ज्योत जलती है। दो बार ओमकारेश्वर नंगे पैर यात्रा की है एकादशी का मैं व्रत रखता हूं। भाजपा झूठ बोलती है, धर्म के नाम पर वोट बटोरती हैं धर्म का व्यवसाय करते हैं, जबकि धर्म हमें रास्ता दिखाता है अच्छा नागरिक बनना सिखाता है। इंसानियत ही धर्म है।
प्रज्ञा ने फैलाई झोली: सोमवार को नामांकन भरने के बाद प्रज्ञा ठाकुर ने मिसरोद में वोट मांगे। साध्वी प्रज्ञा ने जनता से कहा कि मैं एक सन्यासी हूं और सन्यासी के पास ज्ञान तो होता है। लेकिन धन नही होता। चूंकि मैं चुनाव लड़ रही हूं और चुनाव मे धन की जरूरत है। इसलिए मेरी मदद करने के लिए एक सन्यासी होने के नाते आप जितना अपनी स्वेच्छा से दान कर सकते है करें। इसके बाद साध्वी प्रज्ञा ने अपनी झोली जनता के सामने फैला दी और जनता ने भी साध्वी प्रज्ञा की इस विनम्र मुहिम मैं उनका साथ दिया और स्वेच्छा से उनकी झोली से दान देना शुरू कर दिया।
Comment Now