Sunday, 8th June 2025

मध्यप्रदेश / दिग्विजय का भाजपा पर निशाना; कहा- इनकी सरकारों ने दर्द दिया है, हम समाधान देंगे

Sat, Apr 20, 2019 1:47 AM

 

  • ट्वीटर के जरिए बेरोजगारी, नोटबंदी और जीएसटी जैसे मुद्दों पर साधा मोदी सरकार पर निशाना  
  • जीएसटी और नोटबंदी की मार से अब तक नहीं उबर पाया बैरागढ़ का कपड़ा बाजार 

भोपाल. कांग्रेस से भोपाल प्रत्याशी व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा है कि बड़े उद्योगपतियों की 'दोस्त' सरकार के निर्णय से लघु उद्योग बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा- भाजपा सरकारों ने दर्द दिया है, हम समाधान देंगे। दिग्विजय सिंह ने लगातार दूसरे दिन ट्वीटर के जरिए भाजपा पर निशाना साधा। गुरुवार को उन्होंने ट्वीट करके देश में बेरोजगारी की समस्या उठाई थी।

शुक्रवार को जीएसटी और नोटबंदी से देश में हुए नुकसान को लेकर हमला बोला है। उन्होंने कहा, "शिवराज सरकार ने लघु उद्योग मंत्रालय बनाया, लेकिन उनकी समस्याएँ जस की तस हैं। जीएसटी लागू होने के बाद लघु उद्योगों को मिलने वाली 1.50 करोड़ रुपए तक की एक्साइज में छूट बंद कर दी गई।"

जीएसटी, नोटबंदी ने उद्योगों की कमर तोड़ दी : मोदी सरकार की नोटबंदी और जीएसटी ने उद्योगों की कमर तोड़ दी। भाजपा सरकार औद्योगिक विकास की बातें करती रही और मप्र के पीथमपुर और मंडीदीप जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में हजारों मजदूरों की छंटनी कर दी गई। बैरागढ का कपड़ा बाज़ार नोटबंदी और जीएसटी की मार से अब तक उबर नहीं पाया है।

हर क्षेत्र के उद्योगों के लिए अलग नीति : दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकारों ने दर्द दिया है, हम समाधान देंगे। मप्र में हमारी सरकार हर सेक्टर के उद्योगों के लिए एक अलग नीति बना रही है। उद्योगों की जरूरत को पूरा करने के लिये सिस्टम की कार्यशैली में परिवर्तन लाएंगे।

औद्योगिक संगठनों की सलाह पर लेंगे निर्णय : पूर्व मुख्यमंत्री  मध्य प्रदेश में फूड प्रोसेसिंग, टूरिज्म, गारमेंट और सर्विस सेक्टर को बढ़ावा दिया जाएगा। औद्योगिक संगठनों की समस्याओं पर उनकी सलाह से निर्णय लिया जाएगा। 

शिवराज ने दिग्विजय को कहा मौकापरस्त नेता : शिवराज सिंह ने दिग्विजय के बयानों पर पलटवार करते हुए ट्वीट किया है। कहा- अपनी वोट की राजनीति के लिए प्रदेश के मेहनतकश व्यापारियों, कारोबारियों, उद्यमियों की प्रगति पर सवालिया निशान लगाना सिर्फ़ आप जैसे मौक़ापरस्त नेता ही कर सकते हैं। लगता है पूरी कांग्रेस पार्टी में झूठ बोलने की बीमारी सी फैल गई है। जिस श्रीमान बंटाधार ने मध्यप्रदेश की कमर तोड़ दी थी, पूरे प्रदेश को अंधकार में धकेल दिया था, जिनका हमेशा से नारा रहा है- हमारी हिस्सेदारी, आपकी ज़िम्मेदारी - वो आज प्रदेश की प्रगति पर सवाल उठा रहे हैं।

सुबह हनुमान मंदिर गए, पूजा-अर्चना की : इसके पहले दिग्विजय सिंह हनुमान जयंती के मौके पर सुबह से ही बजरंगबली की दरबार में मत्था टेकने जा रहे हैं। इसकी शुरुआत सुबह साढ़े पांच बजे भोपाल के छोला दशहरा मैदान स्थिक खेड़ापति हनुमान मंदिर से हुई। यहां केसरीनंदन के साथ दिग्विजय सिंह ने मंदिर के महंत का आशीर्वाद भी लिया। 

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery