शिवपुरी. गुना से सांसद और कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने साध्वी प्रज्ञा के उस बयान को नकार दिया है। जिसमें उन्होंने कहा था कि भोपाल में चुनाव नहीं धर्म युद्ध है, जिसे वह जीतेंगी। शुक्रवार को शिवपुरी हुंचे सिंधिया ने कहा कि भोपाल में चुनाव धर्म युद्ध नहीं, बल्कि दो विचारधाराओं के बीच युद्ध है।
जिसमें एक तरफ मुट्ठी भर लोग हैं, तो वहीं दूसरी तरफ सूट-बूट वाले लोग हैं। लेकिन इस युद्ध में जीत प्रजातंत्र के सत्य की होगी और भोपाल से दिग्विजय सिंह ही जीतेंगे।
सिंधिया अपने चुनाव क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर हैं। वह मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। पहले दिन वह शिवपुरी पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। सिंधिया शनिवार को गुना में नामांकन पर्चा जमा करेंगे। सिंधिया को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कमान दी गई, जहां पर वह लगातार चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं।
कांग्रेस अधर्म के रास्ते पर हैं : तोमर
वहीं, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि धर्म और अधर्म हर जगह होता है। इस चुनाव में भी धर्म-अधर्म है। कांग्रेस अधर्म के रास्ते चल रही है। तभी शायद राहुल गांधी को अपना जनेऊ दिखाना पड़ता है, लेकिन भाजपा राष्ट्रवाद में आस्था रखती है, साथ ही हमारा धर्म राष्ट्रधर्म है, उसके लिए हम जीते और मरते हैं। इसके साथ ही नरेंद्र सिंह तोमर ने अपनी मुरैना लोकसभा सीट को लेकर कहा है कि ‘मैं नैतिक मूल्यों की राजनीति करता हूं। किसी प्रत्याशी को अपने फायदे के लिए चुनाव लड़ने से नहीं रोकता।
Comment Now