भोपाल. भाजपा ने रविवार को मध्य प्रदेश की तीन सीटों पर और उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। धार सीट से छतर सिंह दरबार, खजुराहो से विष्णु दत्त शर्मा और रतलाम से विधायक जीएस डामोर को टिकट दिया है। तीन नामों की घोषणा के साथ ही भाजपा अब तक 24 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। भोपाल, इंदौर, गुना, विदिशा और सागर सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की गई है।
झाबुआ विधानसभा क्षेत्र से सांसद कांतिलाल भूरिया के बेटे विक्रांत को हराने वाले जीएस डामोर को रतलाम-झाबुआ संसदीय सीट से प्रत्याशी बनाया है। उनका मुकाबला कांतिलाल भूरिया से होगा।भाजपा में पहले विधायकों को लोकसभा चुनाव नहीं लड़ाने की रणनीति बनी थी। लेकिन, कांग्रेस के कब्जे वाली रतलाम सीट पर भाजपा ने चार महीने पहले विधानसभा चुनाव जीते डामोर पर फिर दांव लगाया है।
सावित्री ठाकुर का टिकट कटा: धार संसदीय सीट से सावित्री ठाकुर का टिकट काटकर भाजपा ने छतर सिंह दरबार को प्रत्याशी बनाया| इनका मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी दिनेश गिरवाल से होगा। खजुराहो से वीडी शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। उनके पहले भोपाल और फिर मुरैना से प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चा थी। लेकिन, भोपाल से कांग्रेस की ओर से दिग्विजय सिंह का नाम घोषित होने के बाद उनका नाम दावेदारी से बाहर हो गया। फिर उन्होंने मुरैना से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई लेकिन वहां पार्टी पहले ही नरेंद्र सिंह तोमर का नाम घोषित कर चुकी थी। इसके बाद उनका नाम खजुराहो से भी सामने आया। संघ की पसंद माने जाने वाले वीडी शर्मा को खजुराहो से उम्मीदवार बना दिया। उनका मुकाबला कविता सिंह से होगा।
Comment Now