नई दिल्ली. अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने भारत के एंटी-सैटेलाइट हथियार के परीक्षण से निकले मलबे को खतरनाक बताया था। नासा प्रमुख जिम ब्राइडनस्टाइन का कहना था कि भारत के इस परीक्षण से 400 टुकड़े हुए जो अंतरिक्ष में चक्कर लगा रहे हैं। यह इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) और उसमें रह रहे एस्ट्रोनोट्स के लिए खतरा है। हालांकि, नासा के खुद के आंकड़ों के मुताबिक, अंतरिक्ष में बाकी देशों के मुकाबले अमेरिका का कचरा सबसे ज्यादा है। वहीं, भारत ने कहा है कि ए-सैट के परीक्षण से जो टुकड़े अंतरिक्ष में मौजूद हैं, वे कुछ ही समय में नष्ट होकर धरती पर आ गिरेंगे।
अब अमेरिका ने कहा- मलबा वायुमंडल में आते ही जल जाएगा
भारत के परीक्षण के 9 दिन बाद अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) ने मलबे को लेकर संभावना जताई है कि वह वायुमंडल में ही जलकर नष्ट हो जाएगा। डीआरडीओ ने 27 मार्च को एंटी-सैटेलाइट मिसाइल (ए-सैट) का परीक्षण किया था।
अंतरिक्ष में 19,173 टुकड़े, इनमें से 34% अमेरिका के
10 साल में अमेरिका के 2,142 टुकड़े बढ़े, भारत के सिर्फ 62 बढ़े
नासा के आंकड़ों के मुताबिक, 10 साल में अंतरिक्ष में करीब 50% कचरा बढ़ा है। सितंबर 2008 तक अंतरिक्ष में 12,851 टुकड़े मौजूद थे, जिनकी संख्या नवंबर 2018 तक बढ़कर 19,173 पहुंच गई। इस दौरान अंतरिक्ष में अमेरिका की गतिविधियों से जहां 2,142 टुकड़े बढ़े, वहीं भारत से सिर्फ 62 टुकड़े बढ़े। सितंबर 2008 तक अंतरिक्ष में अमेरिका के 4,259 और भारत के 144 टुकड़े थे।
देश/ संस्था | बड़े टुकड़े (नवंबर 2018 तक) | बड़े टुकड़े (सितंबर 2008 तक) |
चीन | 3,987 | 2,774 |
कॉमनवेल्थ ऑफ इंडिपेंडेंट स्टेट्स (सीआईएस) | 6,590 | 4,528 |
यूरोपियन स्पेस एजेंसी (ईएसए) | 144 | 74 |
फ्रांस | 555 | 376 |
भारत | 206 | 144 |
जापान | 281 | 175 |
अमेरिका | 6,401 | 4,290 |
अन्य | 1,009 | 521 |
कुल | 19,173 | 12,851 |
चीन ने 2007 में परीक्षण किया था, इससे करीब 2,500 से ज्यादा टुकड़े बिखरे थे
चीन ने सबसे पहले 2007 में केटी-1 रॉकेट से एंटी-सैटेलाइट मिसाइल का परीक्षण किया था। इससे चीन ने अपने मौसम उपग्रह फेंग युन 1-सी को धरती से 800 किमी की ऊंचाई पर लो-अर्थ ऑर्बिट में मार गिराया था। इस परीक्षण के बाद 2,500 से ज्यादा टुकड़े बिखर गए थे। नासा के आंकड़े भी यही कहते हैं। नासा के मुताबिक, सितंबर 2006 तक अंतरिक्ष में चीन के 376 टुकड़े मौजूद थे, जिनकी संख्या अक्टूबर 2007 तक बढ़कर 2,631 हो गई। वहीं, सितंबर 2008 तक अंतरिक्ष में चीन के 2,774 टुकड़े थे।
भास्कर नॉलेज: क्या होता है अंतरिक्ष का कचरा और इसका क्या होता है?
Comment Now