बॉलीवुड डेस्क. पूर्व फिल्म अभिनेत्री मयूरी कांगो अब गूगल इंडिया में काम कर रही हैं। उन्हें इंडस्ट्री-एजेंसी पार्टनरशिप का हेड बनाया गया है। मयूरी को फिल्म पापा कहते हैं के गाने घर से निकलते ही गाने के लिए याद किया जाता है। यह फिल्म 1996 में यानी 23 साल पहले आई थी जिसमें मयूरी के अलावा जुगल हंसराज भी नजर आए थे।
बॉलीवुड में मयूरी का करियर कुछ खास नहीं रहा। उन्होंने तकरीबन पंद्रह फिल्में और कुछ टेलीविजन सीरियल करने के बाद उन्होंने बॉलीवुड को अलविदा कह दिया। 2009 में आई सैफ अली खान और करीना कपूर स्टारर कुर्बान उनकी लास्ट फिल्म थी। मयूरी ने न्यूयॉर्क बिजनेस स्कूल से पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद 2009 में कॉपोरेट वर्ल्ड में एंट्री की। मयूरी ने दो साल तक फ्रेंच एडवर्टाइजिंग कंपनी पब्लिसिस ग्रुप के साथ काम किया। मयूरी के लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक वह यहां मैनेजिंग डायरेक्टर थीं।
एनआरआई से की शादी: औरंगाबाद में जन्मी मयूरी 36 साल की हैं। उन्होंने 2003 में एनआरआई आदित्य ढिल्लन से शादी की थी। वह एक बेटे की मां भी हैं। उन्हें फिल्म पापा कहते हैं में लीड रोल महेश भट्ट ने दिया था। फिल्म ज्यादा सक्सेसफुल नहीं रही लेकिन इसके बाद मयूरी बेताबी, होगी प्यार की जीत और बादल जैसी फिल्मों में भी नजर आईं। फिल्मों में सफलता न मिलने पर उन्होंने 2001 में आए शो डॉलर बहू में काम किया और इसके बाद 2003 में करिश्मा: द मिराकल ऑफ डेस्टिनी में करिश्मा कपूर की बेटी की भूमिका निभाई।
Comment Now