Sunday, 8th June 2025

महाभारत - 2019 / लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी तय करने में जुटी भाजपा और कांग्रेस को अपनों का ही भारी विरोध झेलना पड़ रहा है

Mon, Apr 1, 2019 5:47 PM

 

  • घोषित उम्मीदवारों के विरोध ने बढ़ाई भाजपा की मुश्किलें 
  • बालाघाट में ढाल सिंह के विरोध में 'गो-बैक' के नारे लगे, 18 प्रत्याशी घोषित 
  • अमृत बिंदु डेरिया की नियुक्ति होगी निरस्त

भोपाल . भाजपा में उम्मीदवार घोषित करते ही विरोध के स्वर मुखर होने लगे हैं। बालाघाट से हाल ही में उम्मीदवार बनाए गए पूर्व मंत्री ढाल सिंह बिसेन के खिलाफ क्षेत्र में 'गो-बैक' के नारे लगे। प्रदर्शन किया गया। स्थिति यह बन गई है कि पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। राजगढ़ से प्रत्याशी व सांसद रोडमल नागर के विरोध में पुतले जलाए गए। भाजपा ने अभी तक 18 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं, इनमें से सीधी, मंदसौर, भिंड, राजगढ़, मंडला, बालाघाट, टीकमगढ़ और शहडोल के उम्मीदवारों को स्थानीय स्तर पर विरोध झेलना पड़ रहा है।

मंदसौर से प्रत्याशी व सांसद सुधीर गुप्ता काे टिकट मिलने का धुंधड़का व दलौदा मंडल के कार्यकर्ताओं ने फिर विरोध किया। रविवार को दिल्ली से अाए पूर्व संगठन महामंत्री व इंदौर-उज्जैन संभाग समन्वयक माखन सिंह के सामने गुप्ता के खिलाफ नारेबाजी हुई। स्थानीय नेता बंशीलाल पाटीदार ने कहा कि प्रत्याशी ठीक नहीं है। टिकट बदला जाए। इस दौरान 'सांसद मुर्दाबाद' के नारे भी लगे।

मौजूदा प्रत्याशियों के अलावा विदिशा और देवास में संभावित दावेदार का ही विरोध हो गया है। विदिशा में दावेदार रमाकांत भार्गव के विरोध में भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश महामंत्री रवीश चौहान उतर गए हैं। उन्होंने कहा कि टिकट मिला तो निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। देवास में महेंद्र सोलंकी और चंद्रशेखर मालवीय के संभावित नाम पर स्थानीय नेता तैयार नहीं हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक बलिराम के सामने विरोध जताया। सोलंकी और मालवीय दोनों बलई समाज से आते हैं। सामाजिक समीकरणों के तहत भाजपा अभी तक उज्जैन या देवास से इस वर्ग को महत्व देती आई है, लेकिन उसे अपेक्षित सफलता नहीं मिली। पूर्व विधायक राजेंद्र वर्मा ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर मौजूदा स्थिति बताई। 

संभावित दावेदार नत्थन शाह व रामदास उइके के पक्ष में लोग : छिंदवाड़ा में मनमोहन शाह बट्टी के विरोध के बाद पार्टी नया आदिवासी चेहरा तलाश रही है, जिसका भी विरोध है। यहां संभावित दावेदार नत्थन शाह और रामदास उइके के पक्ष में लोग नहीं हैं।

बिसेन का भारी विरोध, पार्टी दफ्तर में जड़ दिया ताला : भाजपा सांसद बोध सिंह भगत का टिकट काटे जाने से नाराज समर्थक रविवार को खुलकर सामने आए। इस सीट से घोषित प्रत्याशी ढालसिंह बिसेन की मौजूदगी में विरोध कर रहे लोगों ने ताला जड़ दिया। यहां चुनाव को लेकर पदाधिकारियों की बैठक होने वाली थी। करीब तीस वाहनों में भर कर पहुंचे 500 से अधिक सांसद समर्थक वहां दोपहर तक डटे रहे। विधायक एवं पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन यहां ढालसिंह बिसेन को साथ लेकर पहुंचे थे। भगत समर्थकों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस काे हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। भीड़ छटते ही कार्यालय का ताला तोड़ा गया। इसके बाद बैठक शुरू हो पाई। इस विरोध पर ढाल सिंह व अन्य ने टिप्पणी से मना कर दिया। इधर, इस प्रदर्शन को लेकर संगठन की ओर से की गई शिकायत पर एसडीएम केसी बोपचे ने एसआईटी जांच के आदेश दे दिए हैं।

राेशनपुरा... मैं भी चाैकीदार के लगे नारे : भाजपा के 'मैं भी चौकीदार' अभियान के तहत प्रदेशभर में प्रमुख स्थलों पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभियान से जुड़े लोगों से सीधा संवाद किया। मप्र की 29 लोकसभा सीटों पर 56 स्थानों में एलईडी स्क्रीन लगाई गई। भोपाल में रोशनपुरा चौराहे पर संगठन महामंत्री सुहास भगत व पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता के नेतृत्व में कार्यक्रम हुआ तो ग्वालियर में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर मौजूद रहे। जबलपुर में राकेश सिंह और सागर में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव मौजूद रहे।

निर्विरोध निर्वाचित... राजीव खंडेलवाल बने सपाक्स पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष : भोपाल | राजीव खंडेलवाल को सपाक्स पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। रविवार को पार्टी की वार्षिक अामसभा में वे निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरालाल त्रिवेदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लोकसभा चुनाव के लिए रणनीति पर विचार किया गया। विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन व पार्टी की वित्तीय स्थिति मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में उपाध्यक्ष वीणा घाणेकर, महासचिव हरिओम गुप्ता सहित वरिष्ठ नेता मौजूद थे। 

होशंगाबाद जिला कांग्रेस के अध्यक्ष बने रहेंगे फौजदार  : कपिल फौजदार होशंगाबाद जिला कांग्रेस के अध्यक्ष बने रहेंगे, दो दिन पहले बनाए गए अध्यक्ष अमृत बिंदु डेरिया की नियुक्ति निरस्त होगी। दरअसल, जिला अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर प्रदेश कांग्रेस और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के बीच टकराव सामने आ गया है। प्रदेश कांग्रेस की ओर से दो दिन पहले डेरिया को होशंगाबाद जिला कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। इसके पीसीसी से विधिवत आदेश भी जारी किए गए थे, लेकिन डेरिया की इस नियुक्ति के पहले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का अनुमोदन नहीं लिया गया था। यानी जिलाध्यक्षों की नियुक्ति में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सहमति जरूरी होती है। इस सबके बीच कपिल फौजदार को हटाकर डेरिया को अध्यक्ष बनाए जाने की खबर जब दिल्ली में लगी तो एआईसीसी ने तुरंत इस आदेश को पीसीसी से निरस्त किए जाने के लिए कहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने निर्देश जारी कर कहा था कि किसी भी पदाधिकारी को चुनाव के बीच नहीं बदला जाएगा। यदि किसी को बदला जाना है तो विधिवत प्रक्रिया के तहत ही बदलाव करें। 

 
यह था मामला : फौजदार पर विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार न करने का आरोप था। होशंगाबाद और पिपरिया से विधानसभा का चुनाव लड़े प्रत्याशियों ने तो इसकी शिकायत प्रदेश कांग्रेस से भी की थी। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि फौजदार स्वयं होशंगाबाद विधानसभा से टिकट के दावेदार थे, उन्हें टिकट न मिलने से वे नाराज थे। 

कांग्रेस पार्टी में अधिकृत प्रत्याशी घोषित हुए नहीं, पोस्टर लगना शुरू : कांग्रेस पार्टी में प्रदेश की 20 लोकसभा सीटों पर अभी अधिकृत प्रत्याशी घोषित नहीं हुए हैं, लेकिन संभावित प्रत्याशियों के समर्थकों ने उनके पोस्टर लगाना शुरू कर दिए हैं। इनमें वोट देने की अपील भी जा रही है। कांग्रेस पार्टी में सतना और सीधी लोकसभा सीट पर संभावित प्रत्याशियों में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और विधानसभा उपाध्यक्ष रहे राजेंद्र कुमार सिंह के नाम हैं। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह का कहना है कि उन्हें इन बैनर-पोस्टर की जानकारी नहीं है। जब राजेंद्र कुमार सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा था कि कांग्रेस का जो वचन पत्र है, उसका पोस्टर में प्रचार-प्रसार करना गलत तो नहीं है। हां, यह जरूर है कि एेसे पोस्टर लगने की जानकारी मुझे भी मिली है, लेकिन यह अभी अधिकृत नहीं है। 

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery