वॉशिंगटन. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के उस ट्वीट को लेकर अमेरिकी प्रशासन सकते में आ गया है, जिसमें उन्होंने शुक्रवार को कहा था कि वह उत्तर कोरिया पर लगाए प्रतिबंधों को वापस ले रहे हैं। व्हाइट हाउस ने ट्वीट पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है, लेकिन वहां के एक अधिकारी का कहना है कि ट्रम्प प्रतिबंध वापस ले रहे, क्योंकि वे उत्तर कोरिया के नेता किम-जांग-उन को पसंद करते हैं।
ट्रम्प ने जो ट्वीट किया, उसमें कहा गया है- ‘अमेरिकी ट्रेजरी ने बड़े पैमाने पर उत्तर कोरिया पर नए प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। मैने आज आदेश दे दिया है कि नए प्रतिबंध लागू नहीं होंगे’।
सीएनएन ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि ट्रम्प प्रशासन के अधिकारी इस बात को नहीं समझ पा रहे हैं कि राष्ट्रपति किन प्रतिबंधों का जिक्र अपने ट्वीट में कर रहे हैं और अब नीतियों को किस तरह से क्रियान्वित किया जाएगा। उत्तर कोरिया मामले से जुड़े अधिकारी व्हाइट हाउस के नए निर्देश का इंतजार कर रहे हैं।
कुछ अधिकारियों का कहना है कि ट्रम्प चीन की दो शिपिंग कंपनियों पर लगाए गए प्रतिबंधों की बात कर रहे हैं। दोनों कंपनियों पर उत्तर कोरिया की मदद का आरोप है। प्रतिबंध लगाने की घोषणा संयुक्त राष्ट्र संघ ने की थी।
राष्ट्रपति के नजदीकी सूत्रों का कहना है कि उनके ट्वीट का चीन की शिपिंग कंपनियों पर लगे प्रतिबंध से कोई लेनादेना नहीं है। उनका ट्वीट उत्तर कोरिया पर नए प्रतिबंध न लगाने को लेकर है।
ट्रम्प प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा- इस समय उत्तर कोरिया पर नए प्रतिबंध नहीं लगाए जा रहे हैं, लेकिन चीन की शिपिंग कंपनियों पर लगी रोक पहले की तरह से कायम रहेगी।
Comment Now