गायत्री शक्तिपीठ ने पर घर-घर किया यज्ञ
गुना। गायत्री शक्तिपीठ द्वारा शांति के लिए किए जा रहे यज्ञ में मुस्लिम महिलाओं ने आहुतियां देकर मिसाल कायम की है। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में देश भर में चलाए जा रहे ग्रहे-ग्रहे गायत्री यज्ञ एवं उपासना क्रम में स्थानीय गायत्री शक्तिपीठ द्वारा नगर की विभिन्न कॉलोनियों में निश्चित समय पर एक साथ घर-घर यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।
इन यज्ञों में आचार्यों द्वारा वेद मंत्रों के साथ वातावरण में व्याप्त नकारात्मकता एवं घर-परिवार की समृद्धि में व्याधि निवारण के लिए विशेष आहुतियां भगवान को समर्पित की जा रही हैं। श्रद्धालु इन यज्ञ में शामिल होकर शांति एवं भाईचारे की दुआ मांग रहे हैं।
2026 तक चलेगा अभियान : इसी क्रम में बूढ़े बालाजी क्षेत्र में 21 घरों में, पंडाजी चौक, गुलाबगंज, दुर्गा कॉलोनी में 1200 घरों में यज्ञ आयोजित किए जा चुके हैं। हाल ही में सिसौदिया कॉलोनी के ग्यारह घरों में यज्ञ संपन्न कराए गए। उक्त जानकारी देते हुए मुख्य ट्रस्टी अशोक शर्मा ने बताया कि यह क्रम वर्ष 2026 तक अनवरत चलता रहेगा।
दिखी सांप्रदायिक सौहार्द्र की मिसाल : इन यज्ञों में सांप्रदायिक सौहार्द्र की मिसाल कायम की गई है। आयोजित यज्ञों में न केवल मुस्लिम समाज की महिलाओं ने भाग लिया अपितु उन्होंने यज्ञ में आहुतियां भी दीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि विश्व शांति के लिए यह यज्ञ आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें शामिल होकर हम भी शांति एवं भाईचारे की दुआ मांग रहे हैं।
Comment Now