Sunday, 8th June 2025

गंगा यात्रा / प्रियंका ने लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, भाजपा कार्यकर्ताओं ने मूर्ति गंगाजल से धोई

Wed, Mar 20, 2019 8:01 PM

 

  • काशी पहुंचकर होगा गंगा यात्रा का समापन, यहां पुलवामा में शहीद हुए जवानों के परिजन से मिलेंगी
  • सोमवार को प्रयागराज के मनैया घाट से शुरू की थी 140 किमी की गंगा यात्रा
  • प्रधानमंत्री मोदी पर साधा निशाना, कहा- 56 इंच का सीना कहां गायब हो गया 

वाराणसी. कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की गंगा यात्रा का आज आखिरी दिन है। मिर्जापुर के चुनार से प्रियंका सड़क मार्ग से रामनगर पहुंचीं। यहां मोदी के नारे लगा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने दौड़ाकर पीटा। प्रियंका गांधी रामनगर से बोट में सवार होकर अस्सी घाट पहुंचीं। इससे पहले रामनगर में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने प्रियंका पर फूल बरसाकर स्वागत किया और नारेबाजी की। यहां प्रियंका ने लाल बहादुर शास्त्री के पोते दिवाकर शास्त्री से भी मुलाकात की। 

कार्यकर्ताओं ने कहा- शास्त्री का अपमान कर रही प्रियंका

रामनगर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के आवास से प्रियंका गांधी के जाने के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा को गंगाजल से धोया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त प्रियंका गांधी के पति और उनकी पार्टी लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनको अपमानित कर रही है।

प्रियंका ने कहा- चुनाव को नई राजनीति चाहिए

अस्सीघाट पर मल्लाहों और महिलाओं से संवाद के बीच प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, '56 इंच का सीना कहां गायब हो गया। चुनाव को नई राजनीति चाहिए। बनारस के लोग आवाज उठाएं। यहां निषाद जाति के बहुत लोग हैं। लेकिन इनकी कोई मदद नहीं की गई। आपको ऐसी सरकार चाहिए जो आपकी मदद करे।'


 

प्रियंका के कार्यक्रम में बदलाव

प्रियंका के कार्यक्रम में बुधवार को मामूली बदलाव किया गया। मिर्जापुर से प्रियंका रामनगर के लिए कार से रवाना हुईं। रामनगर में वे पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री के घर पहुंचीं। इसके बाद काशी तक का सफर फिर नाव से तय करेंगी। सूत्रों के मुताबिक, मिर्जापुर में गंगा में पानी कम होने की वजह से नाव से जाने की इजाजत नहीं मिली।

प्रियंका काशी में बाबा विश्वनाथ मंदिर और काशी के कोतवाल काल भैरव मंदिर में पूजा अर्चना करेंगी। प्रियंका पुलवामा हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवान अवधेश यादव और रमेश यादव के परिजन से मुलाकात करेंगी। शाम को दिल्ली रवाना होंगी। हालांकि, कार्यक्रम में बदलाव की वजह से चुनार में उनका दरगाह ओर शीतला माता मंदिर का दर्शन भी टल गया है। 

कल मंदिर और दरगाह गई थीं

इससे पहले मंगलवार को प्रियंका ने मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी के दरबार में माथा टेका और ख्वाजा जनाब इस्माइल चिस्ती की दरगाह पर चादर चढ़ाई। प्रियंका ने मंगलवार सुबह सीतामढ़ी में सीता समाहित स्थल में पूजा करके अपने दूसरे दिन की यात्रा शुरू की थी।

140 किमी गंगा यात्रा का होगा समापन
कांग्रेस महासचिव ने सोमवार को प्रयागराज के संगम तट पर गंगा का दुग्धाभिषेक और आचमन करके अपनी तीन दिवसीय गंगा यात्रा और सांची बात कार्यक्रम की शुरुआत की थी। मनैया घाट से प्रियंका गंगा किनारे बसे लोगों से संपर्क साधने के लिए छह लोकसभा क्षेत्रों के सफर पर निकलीं। इससे पहले उन्होंने लेटे हनुमान और अक्षयवट के दर्शन किए थे। जगह-जगह लोगों ने उनका स्वागत किया। प्रियंका ने मोदी की चौकीदारी वाली मुहिम पर वार करते हुए कहा था कि चौकीदार अमीरों के होते हैं गरीबों के नहीं। पहले दिन की यात्रा उन्होंने सीतामढ़ी में खत्म की थी। 
   
प्रियंका की नजर लोकसभा की छह सीटों पर
वाराणसी से प्रयागराज तक गंगा पांच जिलों में बहती है। इन जिलों की छह लोकसभा सीटों पर प्रियंका की नजर है। 2009 के चुनाव में यहां कांग्रेस चौथे नंबर पर थी। यहां कांग्रेस के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकने के लिए प्रियंका ने गंगा यात्रा शुरू की है। प्रियंका की प्रयागराज से वाराणसी की यह तीन दिनी यात्रा 20 मार्च को संपन्न होगी। देश के राजनीतिक नक्शे में खास जगह रखने वाले उत्तरप्रदेश के प्रयागराज और वाराणसी पर प्रियंका का खास फोकस है।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery