Saturday, 24th May 2025

नागपुर / भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 8 रन से हराया, आखिरी ओवर में दो विकेट लेकर विजय शंकर ने जीत दिलाई

Wed, Mar 6, 2019 4:21 PM

 

  • भारत ने वनडे में 500वीं जीत दर्ज की, ऑस्ट्रेलिया के बाद ऐसा करने वाला दूसरा देश
  • भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 250 रन बनाए, कोहली ने 116 रन की पारी खेली
  • ऑस्ट्रेलियाई टीम 49.3 ओवर में 242 रन पर ऑलआउट हो गई
  • सीरीज का तीसरा वनडे 8 मार्च को रांची में खेला जाएगा

खेल डेस्क. भारत ने ऑस्ट्रेलिया को नागपुर में खेले गए दूसरे वनडे में 8 रन से हरा दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 250 रन बनाए। इसके जबाव में ऑस्ट्रेलियाई टीम 242 रन ही बना सकी। उसे आखिरी ओवर में जीत के लिए 11 रन बनाने थे और उसके हाथ में दो विकेट थे। विजय शंकर ने पहली गेंद पर मार्क्स स्टोइनिस को एलबीडब्ल्यू किया। उसके बाद तीसरी गेंद पर जम्पा को बोल्ड कर दिया। भारतीय टीम की वनडे में यह 500वीं जीत है। वह 500 मैच जीतने वाला दूसरा देश बन गया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने ऐसा किया है। टीम इंडिया ने अब तक 963 वनडे खेले हैं। इनमें से उसने 500 जीते हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने 924 वनडे में से 558 में जीत हासिल की है।

दबाव में बेहतर प्रदर्शन करना चाहता था: विजय शंकर

मैच के हीरो रहे विजय शंकर ने कहा, "मेरे लिए यह एक अवसर था। ईमानदारी से कहूं तो मैं ऐसे ही किसी अवसर की तलाश में था। दबाव में बेहतर प्रदर्शन करना चाहता था। डेथ ओवर में गेंदबाजी करके मजा आया। मैं खुद से यही कह रहा था कि आखिरी ओवर मुझे डालना है। मैं चुनौती लेने के लिए तैयार था। जब आप देश के लिए खेल रहे होते हैं तो ऐसी ही चुनौतियों के लिए तैयार होने की जरूरत होती है। आखिरी ओवर में केवल मानसिक तौर पर स्पष्ट रहने की जरूरत थी। सही जगह सही बॉल डालना थी। मैंने यही किया। मुझे भरोसा था कि यह मैं कर सकता हूं।"

ऐसे गिरे ऑस्ट्रेलिया के विकेट

पहला विकेट (14.3 ओवर) : ऑस्ट्रेलिया के ओपनर एरॉन फिंच और उस्मान ख्वाजा ने पहले विकेट के लिए 83 रन की साझेदारी की। कुलदीप यादव ने इस साझेदारी को 15वें ओवर की तीसरी गेंद पर तोड़ दिया। उन्होंने फिंच को 37 रन के निजी स्कोर पर एलबीडब्ल्यू कर दिया।

दूसरा विकेट (15.3 ओवर) : कुलदीप के बाद केदार जाधव ने अगले ही ओवर में भारत को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने ख्वाजा को कोहली के हाथों कैच आउट कराया। ख्वाजा ने 38 रन बनाए।

तीसरा विकेट (23.5 ओवर) : पहले मैच में टीम से बाहर रहे शॉन मार्श 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्हें जडेजा ने धोनी के हाथों कैच आउट कराया। मार्श ने तीसरे विकेट के लिए पीटर हैंड्सकॉम्ब के साथ 39 रन की साझेदारी की।

चौथा विकेट (28.3 ओवर) : टी-20 सीरीज के दूसरे मैच में शतक लगाने वाले ग्लेन मैक्सवेल ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। कुलदीप ने चार रन के निजी स्कोर पर उन्हें बोल्ड कर दिया। मैक्सवेल ने पहले मैच में 40 रन बनाए थे।

पांचवां विकेट (37.3 ओवर) : जडेजा ने 38वें ओवर की तीसरी गेंद पर पीटर हैंड्सकॉम्ब को रन आउट कर दिया। हैंड्सकॉम्ब ने शमी की गेंद को बैकवर्ड प्वाइंट की तरफ खेला और एक रन के लिए दौड़ पड़े। जडेजा ने वहां से नॉन स्ट्राइक एंड पर थ्रो मारा और हैंड्सकॉम्ब को रन आउट कर दिया।

छठा विकेट (44.3 ओवर) : कुलदीप ने एलेक्स कैरी को आउट कर भारत को छठी सफलता दिलाई। कैरी 24 गेंद में 22 रन बनाकर बोल्ड हो गए।

सातवां विकेट (45.2 ओवर) : बुमराह ने कूल्टर नाइल को बोल्ड कर भारत को सातवीं सफलता दिलाई। कूल्टर नाइल ने 4 गेंद पर 4 रन बनाए। 

आठवां विकेट (45.4 ओवर) : बुमराह ने कूल्टर नाइल के बाद कमिंस को भी उसी ओवर में आउट कर दिया। कमिंस का कैच धोनी ने लिया। वे खाता भी नहीं खोल सके।

नौवां विकेट (49.1 ओवर) : भारत को जीत के लिए आखिरी ओवर में दो विकेट की जरूरत थी। विजय शंकर ने पहली गेंद पर स्टोइनिस को एलबीडबल्यू कर दिया। स्टोइनिस ने 65 गेंद पर 52 रन बनाए।

दसवां विकेट (49.3 ओवर) : शंकर ने आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर एडम जम्पा को बोल्ड कर दिया। इसी के साथ भारत ने यह मैच अपने नाम कर लिया।

कोहली ने करियर का 40वां शतक लगाया

इससे पहले फिंच ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया 48.2 ओवर में 250 रन पर ऑलआउट हो गई। कप्तान विराट कोहली ने सर्वाधिक 116 रन बनाए। यह उनका 40वां शतक है। उन्होंने 120 गेंद की पारी में 10 चौके लगाए। विजय शंकर ने 46 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए पैट कमिंस ने चार विकेट लिए।

कोहली का इस साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरा वनडे शतक

विराट कोहली का इस साल यह दूसरा वनडे शतक है। इससे पहले उन्होंने 15 जनवरी को एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 104 रन की पारी खेली थी। कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 7वीं बार शतकीय पारी खेली। कोहली ने 40 शतक के लिए 216 पारियां खेलीं। वहीं, सचिन तेंदुलकर 355 पारियों में इस आंकड़े तक पहुंचे थे।

धोनी वनडे में 5वीं बार शून्य पर आउट
महेंद्र सिंह धोनी घरेलू मैदान पर 9 साल बाद शून्य पर आउट हुए। पिछली बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही 2010 में विशाखापट्टनम पर बिना खाता खोले आउट हुए थे।

किसके खिलाफ मैदान कब
बांग्लादेश चिटगांव 2004
श्रीलंका अहमदाबाद 2005
श्रीलंका पोर्ट ऑफ स्पेन 2007
ऑस्ट्रेलिया विजाग 2010
ऑस्ट्रेलिया नागपुर

2019

ऐसे गिरे भारत के विकेट

  • पहला विकेट (0.6 ओवर) : रोहित शर्मा के रुप में भारत को पहला झटका लगा। वे पहले ओवर की आखिरी गेंद पर कमिंस का शिकार बने। रोहित का कैच थर्ड मैन पर एडम जम्पा ने लिया।
  • दूसरा विकेट (8.3 ओवर) : रोहित के बाद मैदान पर आए कोहली ने दूसरे ओपनर धवन के साथ टीम की पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी की। नौवें ओवर की तीसरी गेंद पर मैक्सवेल ने धवन को एलबीडब्ल्यू कर दिया। धवन ने 29 गेंद की पारी में 21 रन बनाए। उन्होंने चार चौके लगाए।
  • तीसरा विकेट (16.6 ओवर): धवन के बाद क्रीज पर आए अंबाती रायडू ने अच्छी शुरुआत की। उन्होंने कोहली के साथ तीसरे विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी की। रायडू को नाथन लियोन ने अपने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर एलबीडब्ल्यू कर दिया। रायडू ने 32 गेंद पर 18 रन बनाए।
  • चौथा विकेट (28.5 ओवर) :  29वें ओवर में भारत को चौथा झटका लगा। विजय शंकर 46 रन बनाकर रन आउट हो गए। जम्पा की गेंद पर कोहली ने सामने की ओर खेला। गेंद जम्पा की उंगलियों को छूकर विकेट से लग गई। उस दौरान शंकर क्रीज से बाहर थे। शंकर और कोहली ने चौथे विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी की।
  • पांचवां विकेट (32.2 ओवर) : एडम जम्पा की यह फुललेंथ गेंद ऑफ स्टम्प के बाहर जा रही थी। केदार जाधव ने शायद इसे शॉर्ट एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से उठाकर मारने की सोची थी, लेकिन गेंद उनके बल्ले पर सही से आई नहीं और शॉर्ट एक्स्ट्रा कवर पर खड़े एरॉन फिंच के हाथों में पहुंच गई। इस समय टीम का स्कोर 171/5 था।
  • छठा विकेट (32.3 ओवर) : केदार जाधव के आउट होने के बाद महेंद्र सिंह धोनी क्रीज पर आए। हालांकि, वे उसी गेंद पर आउट हो गए। धोनी एडम जम्पा की इस गेंद को पीछे हटकर मारने की कोशिश की, लेकिन गेंद ने उनके बल्ले का बाहरी किनारे से लगती हुई स्लिप पर खड़े उस्मान ख्वाजा के हाथों में पहुंच गई। टीम का स्कोर 171/6 ही था।
  • सातवां विकेट (45.5 ओवर) : कमिंस ने रविंद्र जडेजा को 46वें ओवर में आउट कर भारत को 7वां झटका दिया। जडेजा ने 40 गेंद पर 21 रन बनाए। उन्होंने कोहली के साथ सातवें विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी की।
  • आठवां विकेट (47.1 ओवर) : कमिंस ने जडेजा के बाद कोहली को भी पवेलियन भेज दिया। कोहली 116 रन बनाकर स्टोइनिस को कैच थमा बैठे।
  • नौवां विकेट (47.5 ओवर) : कोहली के बाद कुलदीप यादव भी उसी ओवर में आउट हो गए। कमिंस ने उन्हें तीन रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया।
  • दसवां विकेट (48.2 ओवर) :  नाथन कूल्टर नाइल ने 49वें ओवर की दूसरी गेंद पर भारतीय पारी को समेट दिया। उन्होंने जसप्रीत बुमराह को बोल्ड कर दिया। बुमराह खाता भी नहीं खोल सके। 

ऑस्ट्रेलिया ने टीम में दो बदलाव किए

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। उसने इस मैच के लिए दो बदलाव किए। उसने जेसन बेहरेनडॉर्फ और एश्टन टर्नर की जगह शॉन मार्श और नाथन लियोन को टीम में शामिल किया। वहीं, भारतीय टीम ने अंतिम एकादश में कोई बदलाव नहीं किया। भारत ने पहला वनडे 6 विकेट से जीता था।

स्कोरकार्ड: भारत

बल्लेबाजी रन गेंद 4s 6s
रोहित शर्मा कै. जम्पा बो. कमिंस 0 6 0 0
शिखर धवन एलबीडब्ल्यू बो. मैक्सवेल 21 29 4 0
विराट कोहली कै. स्टोइनिस बो. कमिंस 116 120 10 0
अंबाती रायडू एलबीडब्ल्यू बो. लियोन 18 32 2 0
विजय शंकर रन आउट (जम्पा) 46 41 5 1
केदार जाधव कै. फिंच बो. जम्पा 11 12 1 0
महेंद्र सिंह धोनी कै. ख्वाजा बो. जम्पा 0 1 0 0
रविंद्र जडेजा कै. ख्वाजा बो. कमिंस 21 40 0 0
कुलदीप यादव बो. कमिंस 3 3 0 0
मोहम्मद शमी नॉट आउट 2 4 0 0
जसप्रीत बुमराह बो. कूल्टर नाइल 0 2 0 0

रन: 250/10, ओवर: 48.2, एक्स्ट्रा: 12.

विकेट पतन: 0/1, 38/2, 75/3, 156/4, 171/5, 171/6, 238/7, 248/8, 249/9, 250/10.

गेंदबाजी: पैट कमिंस: 9-2-29-4, नाथन कूल्टर नाइल: 8-.2-0-52-1, ग्लेन मैक्सवेल: 10-0-45-1, एडम जम्पा: 10-0-62-2, नाथन लियोन: 10-0-42-1, मार्क्स स्टोइनिस: 1-0-12-0.

स्कोरकार्ड: ऑस्ट्रेलिया

बल्लेबाज रन गेंद 4s 6s
एरॉन फिंच एलबीडब्ल्यू बो. कुलदीप 37 53 5 1
उस्मान ख्वाजा कै. कोहली बो. केदार 38 37 6 0
शॉन मार्श कै. धोनी बो. रविंद्र जडेजा 16 27 0 0
पीटर हैंड्सकॉम्ब रन आउट (जडेजा) 48 59 4 0
ग्लेन मैक्सवेल बो. कुलदीप 4 18 0 0
मार्क्स स्टोइनिस एलबीडब्ल्यू बो. शंकर 52 65 4 1
एलेक्स कैरी बो. कुलदीप 22 24 2 0
नाथन कूल्टर नाइल बो. बुमराह 4 4 0 0
पैट कमिंस कै. धोनी बो. बुमराह 0 2 0 0
नाथन लियोन नॉट आउट 6 6 1 0
एडम जम्पा बो. शंकर 2 2 0 0

रन: 242/10, ओवर: 49.3, एक्स्ट्रा: 13.

विकेट पतन: 83/1, 83/2, 122/3, 132/4, 171/5, 218/6, 223/7, 223/8, 240/9, 242/10.

गेंदबाजी: मोहम्मद शमी: 10-0-60-0, जसप्रीत बुमराह 10-0-0-29-2, रविंद्र जडेजा: 10-0-48-1, विजय शंकर: 1.3-0-15-2, कुलदीप यादव: 10-0-54-3, केदार जाधव: 8-0-33-1.

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery