मुंबई. शेयर बाजार शुक्रवार को लगातार 7वें सेशन में नुकसान के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स की क्लोजिंग 67.27 अंक नीचे 35,808.95 पर हुई। कारोबार के दौरान 365 प्वाइंट की गिरावट आ गई थी। निफ्टी ने 21.65 अंक नीचे 10,724.40 पर कारोबार खत्म किया। इंट्रा-डे में यह 126 अंक लुढ़क गया था। दिन के निचले स्तर से सेंसेक्स में 298 और निफ्टी में 104 प्वाइंट की रिकवरी आई।
हेल्थकेयर, मेटल, बैंकिंग और ऑटो कंपनियों के शेयरों में ज्यादा नुकसान रहा। एनएसई पर जेएसडब्ल्यू स्टील का शेयर 4.99% गिरावट के साथ बंद हुआ। डॉ. रेड्डी का शेयर 4.17% के नुकसान में रहा। कारोबार के दौरान यह 8% गिर गया था।
विश्लेषकों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने की वजह से बाजार दबाव में आ गया। विदेशी निवेशकों ने बिकवाली की। दूसरे एशियाई बाजारों से कमजोर संकेतों का भी असर पड़ा।
निफ्टी के टॉप-5 लूजर
शेयर | गिरावट |
जेएसडब्ल्यू स्टील | 4.99% |
डॉ. रेड्डी | 4.17% |
सन फार्मा | 4.06% |
हीरो मोटोकॉर्प | 3.21% |
टाटा स्टील | 3.17% |
निफ्टी के टॉप-5 गेनर
शेयर | बढ़त |
बीपीसीएल | 3.83% |
एनटीपीसी | 3.05% |
गेल | 3.05% |
पावर ग्रिड | 3.05% |
इन्फ्राटेल | 2.44% |
ओएनजीसी का शेयर 2.23% बढ़त के साथ 135.10 रुपए पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसमें 6% तक उछाल आया था। दिसंबर तिमाही में कंपनी का मुनाफा 65% बढ़ने की वजह से शेयर में खरीदारी तेज हुई। ओएनजीसी ने गुरुवार को नतीजे घोषित किए थे।
सेंसेक्स गुरुवार को 157.89 अंक और निफ्टी 47.60 प्वाइंट की गिरावट के साथ बंद हुआ था। यह नुकसान का लगातार छठा सत्र था। शुक्रवार को बाजार में नुकसान का लगातार 7वां सत्र रहा।
Comment Now