बॉलीवुड डेस्क. अमिताभ बच्चन स्टारर फिल्म बदला का ट्रेल आउट हो गया है। इसमें उनके साथ तापसी पन्नू भी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म 8 मार्च 2019 को रिलीज होगी। 2 मिनट 21 सेकंड के इस ट्रेलर को देखने से यह समझ आ गया कि यह एक मर्डर-मिस्ट्री है और इसमें बदले की कहानी है। फिल्म तापसी के ब्वॉयफ्रेंड अर्जुन के मर्डर के इर्द-गिर्द घूमती नजर आती है।
ट्रेलर की शुरुआत अमिताभ (बादल गुप्ता) के वॉयस ओवर के साथ होती है। वे कहते हैं कि बदला लेना हर बार सही नहीं होता लेकिन हर बार माफ कर देना भी सही नहीं होता। बादल गुप्ता एक वकील है। वह चालीस साल में एक भी केस नहीं हारा है। तापसी पन्नू (नैना) फिल्म में एक शादीशुदा बिजनेस वूमेन का किरदार निभा रही हैं। उसका एक दूसरे लड़के अर्जुन के साथ अफेयर भी है। वह अपने बॉयफ्रेंड अर्जुन के साथ 3 महीने तक एक ही रूम में रही थी। इसी बीच एक दिन बंद कमरे में अर्जुन का मर्डर हो जाता है।
मर्डर के बाद नैना भी शक के दायरे में आती हैं और बादल को अपना वकील नियुक्त करती हैं। बादल यह पता लगाने की कोशिश करता है कि वास्तव में क्या हुआ था? नैना उसे बताती हैं कि उनके लिवइन की जानकारी होने पर कोई उन्हें ब्लैकमेल कर रहा था। उनसे पैसे मांगता था। बादल उससे पूछता है कि क्या उसका सिर्फ अर्जुन के साथ अफेयर भर था या वह सच में प्यार करती है? तब नैना कहती है कि मैं सिर्फ अपने पति और बेटी से प्यार करती हूं।
बादल, नैना के फोन में अर्जुन का मैसेज देखता है, जिसमें ये लिखा होता है कि मैं सबकुछ सच-सच बताने जा रहा हूं। इसके बाद बादल नैना से कई तरह के सवाल करता है और सच जानने की कोशिश करता है। बादल के सवालों और जांच में नैना खुद उलझ जाती है। वह कहती है कि यह पूरी तरह से प्लान्ड मर्डर था और मैं इसमें फंसती जाती हूं। आखिर में बादल नैना से कहता है कि क्या मैं वही देख रहा हूं जो तुमने मुझे दिखाया है या वो जो मुझे देखना चाहिए था!
अमिताभ और तापसी इससे पहले 2016 में आई फिल्म पिंक में एक साथ काम किया था। उस फिल्म में भी अमिताभ ने तापसी के वकील का किरदार निभाया था। फिल्म को क्रिटिक्स द्वारा काफी पसंद भी किया गया था। इससे पहले 11 फरवरी को शाहरुख खान ने फिल्म का फर्स्ट लुक शेयर किया। यह फिल्म 2016 की सुपरहिट स्पैनिश फिल्म कॉन्ट्राटिएम्पो (Contratiempo) का रीमेक है और सुजॉय घोष इसका निर्देशन कर रहे हैं।
Comment Now