बेंगलुरु. राजनीतिक बयानबाजी में घसीटे जाने पर कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष दिनेश गुंडु राव की पत्नी ने केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े को आड़े हाथों लिया। सोमवार को राव की पत्नी तबस्सुम ने कहा कि भाजपा नेता पति से नहीं निपट पा रहे हैं, इसलिए मैं उनके लिए सॉफ्ट टारगेट हूं। केंद्रीय मंत्री ने एक घरेलू महिला को घटिया राजनीति में घसीटा, इससे उनकी महिला विरोधी सोच उजागर होती है। उधर, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि अनंत हेगड़े मंत्री पद के लायक नहीं हैं।
रविवार को एक सभा में हेगड़े ने कहा था कि कोई भी हाथ, जो हिंदू लड़की को छुएगा, उसे नहीं रहना चाहिए। हिंदूओं को इतिहास लिखना चाहिए, न कि सिर्फ इसे पढ़ते रहें। राव ने केंद्रीय मंत्री के इस बयान की निंदा की और पूछा कि सांसद या मंत्री बनने के बाद आपकी क्या उपलब्धि रही? राज्य के विकास के लिए क्या किया? इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने राव को ट्वीट में जवाब दिया- ''मैं दिनेश राव के सवालों का जरूर जवाब दूंगा। पहले उनकी उपलब्धि जानना चाहता हूं। मैं उन्हें सिर्फ ऐसे व्यक्ति के तौर पर जानता हूं, जो एक मुस्लिम महिला के पीछे भागते हैं।''
कांग्रेस नेता की पत्नी बोली- मुस्लिम से पहले भारतीय
भाजपा और कांग्रेस नेता के ट्विटर वॉर में राव की पत्नी तबस्सुम भी कूद पड़ीं। उन्होंने कहा, ''मुझे टारगेट करने से केंद्रीय मंत्री की महिलाओं से नफरत करने वाली सोच उजागर होती है। मैं एक घरेलू महिला होने के साथ दो बच्चों की मां हूं। किसी पार्टी की सदस्य नहीं हूं और न ही मुझे कोई पद मिला हुआ है। जन्म से मुस्लिम हूं, लेकिन इससे पहले मुझे खुद के भारतीय होने पर गर्व है। मैंने किसी भाजपा नेता के खिलाफ कभी कोई बयान नहीं दिया। घटिया राजनीति में मोहरा बनाए जाने की आलोचना करती हूं।''
राहुल ने कहा- यह इंसान देशवासियों के लिए शर्मिंदगी जैसा
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिनेश राव की पत्नी को लेकर दिए गए हेगड़े के बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह इंसान हर भारतीय के लिए शर्मिंदगी जैसा है। अनंत हेगड़े केंद्रीय मंत्री पद के लायक नहीं हैं। उन्हें तत्काल हटाया जाना चाहिए। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि क्या वे (हेगड़े) मंत्री रहने लायक हैं, जो लोगों से हत्या और हाथ काटने के लिए कह रहे हैं? चुनाव आयोग को इस पर संज्ञान लेना चाहिए।
Comment Now