मौसम / गुलमर्ग में पारा -11 डिग्री पर पहुंचा, रोहतांग में 4 और केदारनाथ-बद्रीनाथ में 2 फीट बर्फबारी
Wed, Jan 23, 2019 9:51 PM
- हिमाचल के शिमला में आधा फीट बर्फबारी होने से मुसीबतें बढ़ीं, पाइपों में पानी जमा
- श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर जवाहर सुरंग को भूस्खलन के बाद बंद करना पड़ा
जम्मू/देहरादून/शिमला. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड सहित उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में मंगलवार को बारिश और बर्फबारी हुई। कश्मीर के पर्यटक स्थल गुलमर्ग में पारा माइनस 11 डिग्री पर पहुंच गया है। रामबन जिले में एक पहाड़ी गांव में हिमस्खलन की चपेट में आने से 12 साल की लड़की सहित दो की मौत हो गई। बर्फबारी और भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर हाईवे दूसरे दिन भी बंद रहा। हिमाचल में 377 सड़कें बंद हो गई हैं। इनमें सबसे ज्यादा शिमला की 204 सड़कें हैं। उधर उत्तराखंड के केदारनाथ और बद्रीनाथ में मंगलवार को दो फीट तक बर्फ गिरी।
हिमाचल प्रदेश के शिमला में कुफरी के पास हिमपात के कारण दो बसें रास्ते में फंस गईं। इस दौरान 70 स्कूली बच्चों और स्टाफ सहित 87 लोगों को बचाया गया। ये बच्चे लखनऊ के एक स्कूल के थे। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्यप्रदेश, बिहार और दिल्ली में बारिश हुई। कुछ मैदानी इलाकों में ओले भी गिरे।
दो दिन बारिश के आसार
25 जनवरी तक दिल्ली, मध्यप्रदेश, राजस्थान में बारिश के आसार हैं। बर्फबारी से दिल्ली, पंजाब हरियाणा, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश और राजस्थान में ठंड बढ़ सकती है।
हिमाचल : बुधवार को भी बर्फबारी के आसार
- मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि राज्य में बुधवार को भी भारी बर्फबारी हो सकती है। 26 जनवरी तक बादल छाए रहेंगे। प्रशासन ने सभी जिलाें में अलर्ट जारी कर दिया है।
- बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए पड़ोसी राज्यों से भारी संख्या में लोग शिमला और मनाली के लिए निकले। इस वजह से रास्तों में जाम लग गया। अपर शिमला को प्रशासन ने वाहनों के लिए फिलहाल बंद कर दिया है।
- बर्फबारी की वजह से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंगलवार को सचिवालय से अपने सरकारी आवास ओकओवर तक पैदल गए।
सबसे ज्यादा बारिश धर्मशाला में
हिमाचल के कई इलाकों में मंगलवार को बारिश हुई। धर्मशाला 47.4 सेमी, कांगड़ा 39.6 सेमी, बंजार 33 सेमी, पालमपुर 32 सेमी, कसौली 40.5 सेमी, धर्मपुर 30.2 सेमी, ऊना 21.8 सेमी, शिमला 13.2 सेमी, सोलन 28.2 सेमी, बिलासपुर 24.5 सेमी।
कहां, कितना तापमान रहा: शिमला 0.7, मनाली -1.2, डलहौजी -1.8, कल्पा -2.4, धर्मशाला 2.8.
रोहतांग और खड़ापत्थर में सबसे ज्यादा बर्फबारी?
जगह |
इंच में (मंगलवार को) |
रोहतांग |
50 |
खड़ापत्थर |
36 |
नारकंडा |
24 |
कुफरी |
18 |
मशोबरा |
24 |
राहनीनाला |
24 |
लाहौल |
18 |
सोलंग |
12 |
जाखू |
12 |
मनाली |
06 |
उत्तराखंड : तीन दिन से मौसम खराब
सोमवार से बर्फबारी जारी है। केदारनाथ और बद्रीनाथ इलाके में मंगलवार को दो फीट तक बर्फ गिरी। चमोली के गढ़वाल में सबसे ज्यादा हिमपात हुआ।
जम्मू-कश्मीर : भूस्खलन से जवाहर सुरंग को नुकसान पहुंचा
- वैष्णो देवी क्षेत्र में भारी हिमपात हुआ। इस कारण भैरो घाटी तक की रोपवे और कटरा-सांझी छत हेलिकॉप्टर, बैटरी कार सेवा को रोकना पड़ा।
- श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर जवाहर सुरंग के एक मुख्य द्वार पर बुधवार सुबह हिमस्खलन हुआ, जिससे यह क्षतिग्रस्त हो गया। इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
- मौसम विभाग ने दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग और कुलगाम जिले, उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा और बांदीपोरा जिले और मध्य कश्मीर के बडगाम और गंदेरबल जिले में भारी बर्फबारी और हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।
दिल्ली : 19 साल बाद जनवरी में ऐसी बारिश
- राजधानी में सोमवार शुरू हुई बारिश मंगलवार को भी जारी रही। सोमवार सुबह 8:30 बजे से मंगलवार शाम 5:30 बजे तक 36 घंटे में 42 मिमी बारिश मौसम विभाग ने दर्ज की। इतना ही नहीं 1 जनवरी से 22 जनवरी के बीच 48 मिमी बारिश दर्ज की गई है जो पिछले 20 साल में जनवरी महीने की सबसे ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड है।
- मौसम विभाग के उपमहानिदेशक बीपी यादव का कहना है कि इससे पहले 1999 में जनवरी के महीने में 59 मिमी बारिश हुई थी।
बिहार : आज से 3 दिन बारिश होने के आसार
- पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी हवा के चक्रवात का असर बिहार में अगले तीन दिनों तक देखने को मिल सकता है। दिन में चल रही पछुआ हवा का रुख शाम होते ही पूर्वी हो जा रहा है। इससे राजधानी सहित प्रदेश में लोकल थंडर स्टॉर्म विकसित होने की संभावना बन रही है।
- मौसम विभाग ने कहा है कि पटना समेत राज्य के पश्चिमी और उत्तरी इलाकों में 3 दिन बारिश हो सकती है।
Comment Now