वॉशिंगटन. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को एक कॉलेज की फुटबॉल टीम को सम्मानित करने के लिए डिनर पर व्हाइट हाउस बुलाया। हालांकि, यहां खिलाड़ियों को डिनर में भी फास्ट फूड परोसा गया। इसकी वजह रही अमेरिकी सरकार की हड़ताल जो कि पिछले तीन हफ्तों से जारी है। ट्रम्प ने डिनर से पहले टीम को बताया कि शटडाउन की वजह से व्हाइट हाउस के शेफ छुट्टी पर चले गए हैं। इसकी वजह से खाना तैयार नहीं कराया जा सका।
मैक्डोनाल्ड, डॉमिनोज से मंगाया खाना
डिनर में मैक्डोनाल्ड, डोमिनोज के बर्गर, पिज्जा और फ्राई खाना खिलाड़ियों के लिए भी चौंकाने वाला था। हालांकि, खास बात यह रही कि इसके लिए ट्रम्प को अपनी जेब से पैसे भरने पड़े। राष्ट्रपति ने खाने से पहले जोर से चिल्लाते हुए कहा, ‘ग्रेट अमेरिकन फूड।’
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी सारा सैंडर्स ने बताया कि राष्ट्रपति क्लेमसन टाइगर कॉलेज टीम के लिए एक मजेदार आयोजन रखना चाहते थे। लेकिन स्टाफ के छुट्टी पर होने की वजह से राष्ट्रपति को बाहर से खाना मंगाना पड़ा। हालांकि, उन्होंने यह तय किया कि हर किसी को अपनी पसंदीदा चीज मिले।
अमेरिका की सबसे लंबी हड़ताल
अमेरिकी सरकार पिछले 24 दिनों से हड़ताल (शटडाउन) पर है। देश के इतिहास में यह सबसे लंबी हड़ताल है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की ओर से बजट पर हस्ताक्षर नहीं किए जाने की वजह से 8 लाख से ज्यादा कर्मचारी बिना तनख्वाह के छुट्टी पर हैं। दरअसल, ट्रम्प मैक्सिको सीमा पर दीवार बनाने के लिए संसद से फंड्स की मांग कर रहे हैं। हालांकि, विपक्षी डेमोक्रेट पार्टी के विरोध के बाद उनकी यह मांग अभी तक नहीं मानी गई है। इसके चलते कई विभागों में 22 दिसंबर से ही आंशिक रूप से कामकाज बंद है।
Comment Now