मुंबई. शेयर बाजार में सोमवार को गिरावट आई। सेंसेक्स में 250 अंक की गिरावट दर्ज की जा रही है। कारोबार के दौरान यह 275 प्वाइंट गिरकर 35,735.24 के निचले स्तर पर पहुंच गया था। निफ्टी 85 अंक की गिरावट के साथ 10,709.10 तक फिसल गया। दूसरे एशियाई बाजारों में गिरावट का भारतीय बाजार पर असर हुआ।
कारोबार के दौरान सेसेंक्स के 30 में से 26 और निफ्टी के 50 में से 42 शेयर नुकसान में नजर आए। एनएसई पर गेल, लार्सन एंड टूब्रो और इंडसइंड बैंक के शेयर में 2% से ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। उधर, यस बैंक के शेयर में 4% उछाल आया। इन्फोसिस के शेयर में 3.5 से ज्यादा तेजी दर्ज की गई।
डॉलर के मुकाबले रुपया सोमवार को 10 पैसे की गिरावट के साथ 70.59 पर आ गया। शुक्रवार को यह 8 पैसे कमजोर होकर 70.49 पर बंद हुआ था। विश्लेषकों के मुताबिक डॉलर के मुकाबले रुपए की चाल और अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड के रेट से बाजार की दिशा तय होगी। महंगाई दर के आंकड़ों पर भी सोमवार को निवेशकों की नजर रहेगी।
शुक्रवार को सेंसेक्स 97 अंक गिरकर 36,009.84 पर बंद हुआ था। निफ्टी की क्लोजिंग 26.65 अंक नीचे 10,794.95 पर हुई थी। उस दिन विदेशी निवेशकों ने 687.20 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। जबकि, घरेलू निवेशकों ने 123.17 करोड़ रुपए की खरीदारी की थी।
Comment Now