रायपुर. पूर्व केंद्रीय मंत्री और विधायक चरणदास महंत ने गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। जोगी-बसपा गठबंधन की ओर से लोरमी विधायक धर्मजीत सिंह उनके प्रस्तावक बने। महंत का निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुनना तय माना जा रहा है। उनके विरोध में अभी तक किसी भी दल ने अपना प्रत्याशी खड़ा नहीं किया है।
कांग्रेस विधायक डॉ. चरणदास महंत गुरुवार सुबह अपना नामांकन दाखिल करने के लिए पहुंचे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, मंत्री रविंद्र चौबे सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।डॉ. महंत ने विधानसभा सचिव को अपना नामांकन फार्म सौंपा। पूर्व कांग्रेसी व जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ की टिकट पर लोरमी से विधायक धर्मजीत सिंह डॉ. महंत के प्रस्तावक बने।
कांग्रेस के विधायक दल की संख्या के आधार पर इनका अध्यक्ष बनना तय है। माना जा रहा है कि दूसरे विपक्षी दल भाजपा का जोगी-बसपा गठबंधन की ओर से कोई नामांकन दाखिल नहीं किया जाएगा। ऐसे में संभव है कि डॉ. महंत निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए जाएंगे।
इससे पहले बुधवार को ही संसदीय कार्यमंत्री रविंद्र चौबे ने विपक्ष के सभी लोगों से समर्थन के लिए फोन किया था। चरणदास महंत एक मंझे हुए राजनीतिज्ञ माने जाते हैं। उनका लंबा राजनीति अनुभव रहा है। सांसद के साथ-साथ वो केंद्रीय राज्य मंत्री की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। लंबे समय बाद उन्होंने विधानसभा चुनाव लड़ा। सक्ती विधानसभा से वो विधायक चुनकर आए हैं।
Comment Now