मुंबई. शेयर बाजार में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट आई। सेंसेक्स 200 अंक लुढ़क कर 35,650 के स्तर से नीचे पहुंच गया। निफ्टी में 92 प्वाइंट की गिरावट दर्ज की गई। इसने 10,700.30 का निचला स्तर छुआ। कमजोर विदेशी संकेतों की वजह से बाजार में बिकवाली बढ़ी। देना बैंक के शेयर में 19% गिरावट आ गई।
कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 में से 22 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी के 50 में से 38 शेयर नुकसान में नजर आए। तेल कंपनियों के शेयर 3% तक लुढ़क गए।
देना बैंक का शेयर बीएसई पर 19% गिरावट के साथ 14.40 रुपए के निचले स्तर पर पहुंच गया। एसएसई पर 14.35 रुपए तक फिसल गया। विजया बैंक के शेयर में 7% गिरावट आ गई। इन दोनों के बैंक ऑफ बड़ौदा में मर्जर के लिए शेयर स्वैप रेश्यो पक्ष में नहीं रहने की वजह से शेयरों में गिरावट आई।
बैंक ऑफ बड़ौदा ने बुधवार को शेयर स्वैप रेश्यो का ऐलान किया था। इसके मुताबिक विजया बैंक के शेयरधारकों को प्रति 1000 शेयरों के बदले बैंक ऑफ बदौड़ा के 402 शेयर मिलेंगे। देना बैंक के शेयरहोल्डर्स को प्रति 1000 शेयरों के बदले बैंक ऑफ बदौड़ा के 110 शेयर मिलेंगे।
Comment Now