खेल डेस्क. भारतीय टेस्ट टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज रोहित शर्मा पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी रितिका सजदेह ने मुंबई के अस्पताल में बेटी को जन्म दिया है। रितिका की चचेरी बहन और अभिनेता सोहेल खान की पत्नी सीमा खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह जानकारी साझा की।
सीमा की चचेरी बहन ने साझा की जानकारी
सीमा ने रितिका के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘बेबी गर्ल, एक बार फिर मौसी बनी।’ उन्होंने यह तस्वीर रितिका को टैग भी की है। रोहित बेटी को देखने के लिए ऑस्ट्रेलिया से भारत रवाना हो चुके हैं। इस कारण वे तीन जनवरी से सिडनी में होने वाले सीरीज के चौथे और आखिरी टेस्ट में टीम इंडिया का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। हालांकि वे आठ जनवरी को टीम के साथ जुड़ जाएंगे, क्योंकि 12 जनवरी से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे की सीरीज शुरू होनी है।
सोशल मीडिया पर मिल रही बधाइयां
रोहित के पिता बनने की खबर मिलने के बाद से सोशल मीडिया में उन्हें बधाइयां देने का दौर जारी है। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में 2-1 से आगे है। टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया में 40 साल बाद टेस्ट सीरीज में 2-1 से आगे है। यदि वह सिडनी टेस्ट जीतती है या ड्रॉ करा लेती है तो ऑस्ट्रेलिया में पहली बार टेस्ट सीरीज जीतेगी।
इसी महीने रितिका का भी था जन्मदिन
इसी महीने 21 दिसंबर को रितिका का जन्मदिन था, लेकिन रोहित इस मौके पर उनके पास नहीं थे। तब रोहित ने इंस्टाग्राम अपनी और रितिका की तस्वीर साझा करते हुए इस मौके पर नहीं होने के लिए माफी मांगी थी। यह तस्वीर रितिका के पिछले जन्मदिन की थी।
पिछले साल फ्लाइट में मनाया गया था रितिका का जन्मदिन
रोहित ने तब फ्लाइट में ही रितिका का जन्मदिन मनाया था। वे 20 दिसंबर को कटक में टी-20 मैच खेलकर रितिका के साथ इंदौर जा रहे थे। दरअसल, उन्हें इंदौर में 22 दिसंबर 2017 को श्रीलंका के साथ सीरीज का तीसरा और आखिरी टी-20 खेलना था।
Comment Now