मुंबई। महाराष्ट्र पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने बुधवार को वकोला इलाके से फेंटानिल नाम की प्रतिबंधित ड्रग्स के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इसका इस्तेमाल एनेस्थीसिया के तौर पर दर्द से राहत दिलाने के लिए किया जाता है। इसका उपयोग नशे के लिए भी होता है। यह ड्रग नारकोटिक ड्रग्स और साइकोट्रोपिक पदार्थ एक्ट के तहत प्रतिबंधित है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 1,000 करोड़ रुपए बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इस ड्रग्स को अमेरिका भेजने की तैयारी थी। नारकोटिक्स विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान सलीम डोला, घनश्याम सरोज, भाई चंद्रमणि और संदीप तिवारी के रूप में हुई है।
चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें 1 जनवरी तक की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। वे अमेरिका के अलावा अन्य देशों में भी इस ड्रग्स को भेजने की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए वे दलालों के संपर्क में भी थे।
उनके पास से ड्रग्स से भरे चार ड्रम जब्त हुए हैं। कोर्ट ने आरोपियों को 1 जनवरी तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है। डोला को एक बार पहले भी राजस्व खुफिया निदेशालय और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने दिल्ली से गिरफ्तार किया था।
आरोपियों ने कोर्ट में दावा किया कि उनके पास से जब्त किया गया पदार्थ फेंटानिल नहीं है। साथ ही उनके पास इसकी खरीदी के दस्तावेज भी हैं। फेंटानिल का इस्तेमाल एनेस्थीसिया और कैंसर के इलाज में किया जाता है। नशे के लिए इसे कोकीन और हेरोइन में मिलाया जाता है।
सलीम डोला को पहले भी दिल्ली में एनसीबी ने ड्रग्स सप्लाई के केस में गिरफ्तार किया था। साल 2016 में 79 किलो चरस के केस में उसे मुंबई की एक अदालत ने बरी कर दिया था।
Comment Now