रायपुर. राज्य सरकार ने आईएएस तबादले के तीन दिन बाद मंगलवार देर रात को भी 11 जिलों के एसपी बदल दिए। इसमें राजधानी समेत कई बड़े जिले शामिल हैं। तबादले के पीछे कारण चुनाव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नाराजगी मानी जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रात में डीजीपी डीएम अवस्थी के साथ बैठक के बाद तबादलों को हरी झंडी दी।
रायगढ़ जिले की कलेक्टर शम्मी आबिदी के बाद एसपी दीपक झा को भी बदल दिया गया है। रायपुर जिले में पहली बार महिला एसपी के रूप में नीतू कमल की नियुक्ति की गई है। पुलिस मुख्यालय में एआईजी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे सुशील डेविड को मुख्यमंत्री सुरक्षा का एसपी बनाया गया है।
देर रात जारी आदेश के अनुसार दुर्ग एसपी डॉ. संजीव शुक्ला अब पुलिस मुख्यालय में एआईजी सीआईडी होंगे। उनके स्थान पर मुख्यमंत्री सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रखर पांडेय को एसपी बनाया गया है। बेमेतरा के एसपी हेतराम मनहर अब पुलिस मुख्यालय में एआईजी मानव अधिकार होंगे। जबकि प्रशांत कुमार ठाकुर को बेमेतरा में पदस्थ किया गया है। वे जशपुर एसपी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
जशपुर की कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला का भी तबादला किया जा चुका है। राजधानी रायपुर के एसपी अमरेश मिश्रा अब इंटेलिजेंस में एआईजी होंगे। उनके जल्द ही केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए रिलीव होने की चर्चा है। अभिषेक मीणा बिलासपुर के नए एसपी होंगे। मीणा को सुकमा में तीन साल से अधिक का कार्यकाल हो चुका था।
नारायणपुर के एसपी जितेंद्र शुक्ला अब सुकमा के एसपी होंगे। बालोद के एसपी इंदिरा कल्याण एलेसेला नारायणपुर पदस्थ किए गए हैं। बिलासपुर के एसपी शेख आरिफ हुसैन पुलिस मुख्यालय में नक्सल ऑपरेशन विंग में एआईजी होंगे। जगदलपुर में रहते इनके कामकाज को देखते हुए डीजीपी ने एंटी नक्सल ऑपरेशन के लिए चुना है।
कोरबा के पुलिस अधीक्षक मयंक श्रीवास्तव को पीएचक्यू में यातायात व तकनीकी सेवा का एआईजी बनाया गया है। गौरतलब है कि झीरमकांड के समय मयंक ही जगदलपुर के एसपी थे। नीतू कमल की जगह सातवीं वाहिनी के कमांडेंट आरएन दाश को लंबे अरसे बाद जिले में पदस्थ किया गया है। वे चांपा-जांजगीर के एसपी होंगे।
दीपक झा को ईओडब्ल्यू का एसपी बनाया गया है। पुलिस मुख्यालय में एआईजी जितेंद्र मीणा को कोरबा का एसपी बनाया गया है। 9वीं वाहिनी दंतेवाड़ा के कमांडेंट शंकरलाल बघेल जशपुर के एसपी होंगे। राजनांदगांव के एडिशनल एसपी राजेश कुमार अग्रवाल को रायगढ़ जिले का एसपी बनाया गया है।
2008 बैच की आईपीएस नीतू कमल इससे पहले जांजगीर चांपा की कमान संभाल रही थीं। नीतू कमल केरल की रहने वाली और इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद सिविल सर्विसेज जॉइन की थी और 2008 में वो आईपीएस बन गईं।
Comment Now