जांजगीर-चांपा. जांजगीर कोतवाली क्षेत्र के तिलई गांव के पास रविवार देर रात सड़क हादसे में साक्षर भारत अभियान की बीपीओ मनीषा एक्का की मौत हाे गई। रास्ते में एक गाय के कार से टकराने के बाद वह घबराकर नीचे उतरीं, इसी दौरान पीछे से अाए वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित भाग निकला।
जानकारी के मुताबिक, अकलतरा निवासी मनीषा एक्का पत्नी डॉ. अरविंद एक्का रविवार रात करीब 9 बजे किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कार से तिलई की ओर जा रही थीं। कार उनका ड्राइवर चला रहा था। तिलई मोड़ के पास अचानक एक गाय सामने आ गई। उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक कार की टक्कर हो गई।
इस पर ड्राइवर घायल हो गया, और कार सड़क किनारे रुक गई। हादसे से घबराईं मनीषा जैसे ही कार से नीचे उतरीं पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी अौर भाग निकला। हादसा होते देख आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। खास बात कि मनीषा एक्का के पति डॉ. अरविंद एक्का जिला चिकित्सालय जांजगीर में ही पदस्थ हैं। वह एक दिन पहले ही शनिवार को एक ट्रेनिंग में शामिल होने के लिए दिल्ली गए थे।
मनीषा एक्का शक्ति में साक्षर भारत कार्यक्रम की बीपीओ के पद पर पदस्थ और शालेय शिक्षाकर्मी संघ शैक्षणिक जिला शक्ति की महिला संगठन की जिलाअध्यक्ष भी थीं। घटना के बाद से जांजगीर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
Comment Now