जांजगीर चांपा. दुष्कर्म का प्रयास कर रहे युवक की महिला ने लोहे का रॉड मारकर हत्या कर दी। आरोपी युवक महिला का पड़ोसी था और नशे की हालत में उसके घर घुसा था। महिला को उसके बच्चे ने बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उसे धक्का दे दिया। इसके बाद महिला ने पास में रखे लोहे की रॉड से वार कर आरोपी युवक की हत्या कर दी। फिर थाने में जाकर सरेंडर कर दिया। घटना जैजैपुर थाना क्षेत्र की है।
जैजैपुर के वार्ड नंबर 9 निवासी अमीर खान अक्सर अपने पड़ोस में रहने वाली महिला के घर जाया करता था। महिला ने पुलिस को बताया कि गुरुवार देर शाम करीब 7 बजे उसके पति किसी काम से बाहर गए हुए थे। बच्चे भी बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान नशे की हालत में अमीर उनके घर में घुस अाया और जबरदस्ती करने लगा।
महिला शोर मचा रही थी कि इसी दौरान उसके बच्चे भी आ गए। बच्चों ने अपनी मां को छुड़ाने का प्रयास किया तो अमीर ने उसे जोर से घक्का मार जमीन में गिरा दिया। बच्चे को चोट लगी तो वह रोने लगा। यह सब देख महिला गुस्से से भड़क गई और उसने पास ही रखा लोहे का रॉड अमीर के सिर पर वार कर दिया।
इससे अमीर का सिर फट गया और वो वहीं पर गिर पड़ा। इसके बाद महिला थाने पहुंची और पुलिस को सारी जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इससे पहले ही अमीर की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
Comment Now