सिडनी. हैरी निएल्सन (नाबाद 56) और एरॉन हार्डी (नाबाद 69) की साझेदारी के दम पर क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) - 11 ने शुक्रवार को यहां अभ्यास टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 102 ओवर में 6 विकेट पर 356 रन बना लिए हैं। हैरी और हार्डी 7वें विकेट के लिए 122 रन जोड़ चुके हैं। भारत ने पहली पारी में 358 रन बनाए थे। इस हिसाब से सीए-11 अब सिर्फ दो रन पीछे है, जबकि उसके चार विकेट गिरना शेष हैं। सीए-11 का आखिरी विकेट 65वें ओवर की तीसरी गेंद पर गिरा था।
गुरुवार का खेल खत्म होने के समय सीए-11 ने चार ओवर में 24 रन बनाए थे। शुक्रवार को डॉर्शी शॉर्ट और मैक्स ब्रॉयंट ने पारी की शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 114 रन जोड़े। शॉर्ट और ब्रॉयंट की जोड़ी को रविचंद्रन अश्विन ने तोड़ा। उन्होंने ब्रॉयंट को 62 रन के स्कोर पर बोल्ड किया।
ब्रॉयंट की जगह आए जैक कार्डर ने शॉर्ट के साथ मिलकर 39 रन जोड़े। टीम का स्कोर जब 153 रन था, तभी मोहम्मद शमी ने अपनी गेंद पर विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों शॉर्ट को 74 के स्कोर पर कैच करा दिया। शॉर्ट की जगह कप्तान सैम व्हाइटमैन ने ली। उन्होंने और कार्डर ने तीसरे विकेट के लिए 60 रन जोड़े।
टीम का स्कोर जब 213 रन था, तभी उमेश यादव ने सैम को विकेट के पीछे पंत के हाथों कैच आउट करा दिया। सैम ने 55 गेंद में 35 रन बनाए। सैम के आउट होने के बाद जैक का साथ देने आए परम उप्पल को अश्विन ने रन आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। उप्पल पांच रन ही बना पाए।
उप्पल का विकेट 226 के स्कोर पर गिरा और इसी स्कोर पर शमी ने जैक को भी बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। हैरी के साथ छठे विकेट के लिए साझेदारी करने आए जोनाथन कालो (3) को भी शमी ने ज्यादा देर तक मैदान पर टिकने नहीं दिया। वे शमी की गेंद पर पंत के हाथों लपके गए।
इसके बाद हैरी ने हार्डी के साथ दिन का खेल खत्म होने तक 122 रनों की शतकीय साझेदारी कर क्रिकेट आस्ट्रेलिया एकादश को 356 के स्कोर तक पहुंचाया। भारत के लिए शमी ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। अश्विन और उमेश को एक-एक सफलता मिली।
Comment Now