मुंबई. शेयर बाजार में गुरुवार को लगातार चौथे दिन तेजी आई। सेंसेक्स 365 अंक की बढ़त के साथ 36,081.80 के स्तर पर पहुंच गया। निफ्टी में 99 अंक की तेजी दर्ज की गई। यह 10,827.75 पर पहुंच गया। मजबूत विदेशी संकेतों से बाजार में उछाल आया। अमेरिकी फेडरल रिजर्व बैंक ने बुधवार को इस बात के संकेत दिए कि वहां ब्याज दरों में और इजाफा नहीं किया जाएगा। इससे अमेरिका और एशियाई बाजारों में सेंटीमेंट बेहतर हुए।
सेंसेक्स के 30 में से 23 शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। निफ्टी के 50 में से 37 शेयर चढ़े। हिंडाल्को और वेदांता के शेयरों में एनएसई पर 3% से ज्यादा उछाल आया। उधर, यस बैंक के शेयर में 7% गिरावट आई। बुधवार को भी यह 12% गिरकर बंद हुआ था।
क्रूड के रेट में गिरावट से तेल कंपनियों के शेयरों को फायदा हुआ। बीपीसीएल के शेयर में 2.5% और एचपीसीएल में 1% बढ़त दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड बुधवार को 2% गिरकर 59 डॉलर प्रति बैरल के नीचे पहुंच गया।
ब्रोकर्स के मुताबिक नवंबर फ्यूचर एंड ऑप्शन सीरीज की एक्यपायरी से पहले निवेशक सौदे आगे बढ़ा रहे हैं। उधर, डॉलर के मुकाबले रुपया 57 पैसे मजबूत होकर 70.05 पर आ गया। इन दोनों वजहों से भी बाजार में खरीदारी बढ़ी।
Comment Now