भिंड. जिले की मेहगांव विधानसभा सीट के गढ़पारा/ मोहनपुरा मतदान केंद्र बुधवार दोपहर गोलीबारी होने से दो लोग घायल हो गए। दोनों लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने फायरिंग के आरोप में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। फायरिंग के बाद यहां 40 मिनट वोटिंग रुकी रही।
मेहगांव विधानसभा क्षेत्र के मोहनपुरा गांव में स्थित पोलिंग बूथ क्रमांक 218 पर युवक को मारी गोली। युवक प्रदीप सिंह भदौरिया के चेहरे पर लगी गोली। गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय किया गया रेफर। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के प्रत्याशी डॉ. राजकुमार के समर्थकों पर लगाया गया है। गोली चलाने का आरोप। प्रत्याशी डॉक्टर राजकुमार को मेहगांव थाने में नजरबंद किया गया।
इधर, सतना जिले की चित्रकूट विधानसभा के रईया व बाल्हा गांव में विवाद। ग्रामीणों ने तहसीलदार को बंधक बनाकर पीट दिया। सड़क न होने से नाराज ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार किया है।तहसीलदार ने डराने का प्रयास किया था, जिससे ग्रामीण नाराज हो गए थे।
भिंड के लहार में रायपुरा गांव के एक मतदान केंद्र में ईवीएम तोड़ी गई। तहसीलदार की गाड़ी को भी निशाना बनाया गया। इस केंद्र पर मतदान रोक दिया गया है। भिंड की अटेर विधानसभा में पोलिंग बूथ नंबर-109 पर दो पक्षो में खूनी संघर्ष हुआ। इसमें चार जख्मी हो गए। विवाद फर्जी मतदान की वजह से हुआ।
ग्वालियर चंबल संभाग में पुलिस प्रशासन को पहले से उपद्रव की आशंका थी, इसे रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रशासन ने भिंड और मुरैना के प्रत्याशियों को नजरबंद करके रखा, इसके बावजूद पुलिस फायरिंग और झड़पे हुईं। इसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलाया गया है। वहीं, शिवपुरी जिले के भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई, जिसमें दोनों तरफ से 7 लोग घायल हुए हैं।
उपद्रव और विवाद को देखते हुए प्रत्याशियों को किया नजरबंद
भिंड विधानसभा सीट से भाजपा के राकेश कुमार चौधरी, समाजवादी पार्टी के नरेंद्र सिंह कुशवाह, बसपा के संजीव कुशवाह और उनके पिता चार बार से सांसद डॉ. रामलखन सिंह कुशवाहा को भिंड के सर्किट हाउस में नजरबंद किया गया है। वहीं, अटेर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया और कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कटारे के साथ ही निर्दलीय राजीव सिंह भदौरिया भी भिंड सर्किट हाउस में बैठाए गए हैं। चुनाव आयोग ने इन्हें उपद्रव और विवाद की संभावनाओं को देखते हुए इन्हें सर्किट हाउस में नजरबंद किया है। इसी तरह से लहार विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी रसाल सिंह और कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. गोविंद सिंह और बसपा प्रत्याशी अमरीश शर्मा को लहार सर्किट हाउस में बिठाया गया।
मतदान के दौरान तीन चुनाव कर्मचारियों की मौत
मतदान के दौरान तीन चुनाव कर्मचारियों की हार्टअटैक से मौत हो गई है। चुनाव आयोग के मुताबिक, गुना के बमौरी के परांठ गांव में तैनात पीठासीन अधिकारी सोहनलाल बाथम की हार्ट अटैक से मौत हुई है। इंदौर में ड्यूटी के दौरान 55 वर्षीय सहायक शिक्षक कैलाशचंद्र पटेल की सुबह मौत हो गयी। नेहरू नगर के एक मतदान केंद्र में चुनाव ड्यूटी कर रहे पटेल को वोटिंग शुरू होने से घंटा भर पहले सुबह सात बजे दिल का दौरा पड़ा। उन्हें एक नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचायी जा सकी। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के मुताबिक 10 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा।
Comment Now