धमतरी. मगरलोड में एक पिता ने ही अपनी सौतेली बेटी से दुष्कर्म किया। आरोपी करीब पांच माह से डरा धमकाकर युवती का शारीरिक शोषण कर रहा था। आरोपी ने शनिवार को भी युवती को जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया अौर वहीं छोड़कर चला गया। इसके बाद युवती किसी तरह शहर कोतवाली पहुंची और मामला दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, मगरलोड गांव निवासी 48 वर्षीया एक व्यक्ति ने पत्नी की मौत हो जाने के बाद एक अन्य महिला से शादी कर ली। महिला अपने साथ बेटी को भी लेकर आई थी। जब बेटी बड़ी हो गई तो उसकी शादी कर दी, लेकिन दो साल बाद ही रिश्ता टूट गया।
इसके बाद 26 वर्षीया युवती मायके आकर रहने लगी। रिश्ता टूटने से उसकी मानसिक हालत भी ठीक नहीं रहती थी। इस बीच आरोप है कि करीब पांच माह से आरोपी सौतेले पिता ने युवती को डराना और धमकाना शुरू कर दिया। साथ ही शारीरिक शोषण करने लगा।
युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी पिता उसे शनिवार को बिरझुली के जंगल में ले गया और वहां उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद जंगल में ही डरा धमका कर छोड़ आया। युवती किसी तरह हिम्मत कर धमतरी कोतवाली पहुंची और मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए केस डायर मगरलोड थाने भेज दी। इस पर पुलिस ने जांच कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। उसे पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है। वहीं युवती का मेडिकल कराया जा रहा है।
Comment Now