अबु धाबी. मोरक्को की एक महिला पर आरोप है कि उसने पूर्व प्रेमी की हत्या कर शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। बाद में उसकी डिश बनाकर घर के पास काम कर रहे मजदूरों को खिला दी। बचे हुए खाने को पड़ोसी के कुत्ते को डाल दिया। प्रॉसिक्यूशन के मुताबिक, 30 साल की महिला ने अपने पूर्व प्रेमी को मारने की बात कबूल की है। महिला का आरोप है कि लड़के को सात साल तक वित्तीय मदद देने के बावजूद उसने धोखा दे दिया।
पीड़ित के भाई ने जनवरी में लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विक्टिम के भाई ने बताया कि लंबे वक्त तक दोनों साथ रहे। एक बार जब मैं उनके घर गया और महिला से भाई के बारे में पूछा तो उसने कहा कि दोनों का ब्रेकअप हो गया है। मुझे उसके बारे में कुछ नहीं पता। लड़के ने शायद किसी और महिला से शादी कर ली।
दांत से हुआ शक
पीड़ित के भाई ने बताया कि उसे महिला के घर में एक दांत दिखा, जिसके बाद हत्या का शक हुआ। डीएनए टेस्ट में दांत पीड़ित का ही पाया गया। पुलिस की जांच में सामने आया कि लड़के की हत्या की गई थी। महिला ने पुलिस से कहा कि लड़के को छोटे-छोटे टुकड़ों में करने के बाद एक दोस्त को घर साफ करने के लिए बुलाया। महिला पर सोच-समझकर हत्या करने का केस दर्ज किया गया है।
Comment Now