पटना, जेएनएन। चाहे चोरी हो या हत्या, पटना में अपराधी सक्रिय हैं। एटीएम लूट के बाद शुक्रवार की देर रात बेखौफ अराधियों ने मनेर में एक युवक की हत्या कर दी। मनेर थाना क्षेत्र के ब्रह्मचारी के पास एक 40 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार ब्रह्मचारी के हीरा टोला के निवासी लड्डू राय पिता राम उग्रह राय हाल ही में शाहपुर थानाक्षेत्र में हुई हत्या के मामले में जेल में था।
दस दिनों पूर्व ही वह बेउर जेल से छूटकर आया था। ब्रह्मचारी के सामने रैफलवा ढाब दियारा पर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई। गोली मारने से पहले उसकी बुरी तरह पिटाई भी की गई। घटना की जानकारी जैसे ही उसके गांव ब्रह्मचारी के हीरा टोला में पहुंची, लोगों ने उग्र होकर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया है। दानापुर एएसपी अशोक कुमार मिश्रा की पहल पर देर रात को जाम खत्म हो गया था।
शराब और बालू के धंधे से जुड़ा है मामला
बताया जाता है कि लड्डू बालू और शराब के धंधे से जुड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि वह अवैध बालू की ढुलाई करने वालों से वसूली किया करता था। इसी सिलसिले में उसका कई लोगों से विवाद चल रहा था। माना जा रहा है कि इसी विवाद में उसकी हत्या की गई है। इधर, दानापुर एएसपी अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।
Comment Now