बेंगलुरु. कर्नाटक में तीन लोकसभा और दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। चुनाव आयोग के मुताबिक, नौ बजे तक 6% वोटिंग हुई। पांचों सीटों पर कांग्रेस और जेडीएस मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। जेडीएस ने मांड्या और शिवामोगा लोकसभा और रामनगर विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। वहीं, कांग्रेस के हिस्से में बेल्लारी लोकसभा और जामखंडी विधानसभा सीटें हैं। भाजपा नेता येदियुरप्पा, श्रीरामुलु और जेडीएस नेता पुत्ताराजू के मई में विधानसभा चुनाव लड़ने के बाद से राज्य में तीन लोकसभा सीटें खाली हैं।
रामनगर विधानसभा सीट से जेडीएस ने मुख्यमंत्री एचडी कुमारास्वामी की पत्नी अनीता कुमारस्वामी को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर अनीता की जीत आसान दिख रही है, क्योंकि चुनाव के दो दिन पहले ही भाजपा प्रत्याशी एल चंद्रशेखर ने अपना नाम वापस ले लिया। इसी सीट से एचडी कुमारस्वामी के भाई एचडी रेवन्ना भी चुनाव लड़ रहे हैं। एचडी कुमारस्वामी ने दो सीटों चन्नापटना और रामनगर से विधानसभा चुनाव लड़ा था। बाद में रामनगर सीट से इस्तीफा दे दिया।
शिवामोगा सीट पर 3 मुख्यमंत्रियों के बेटे मैदान में
पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने शिवामोगा लोकसभा सीट से इस्तीफा देकर शिकारीपुर से विधानसभा चुनाव लड़ा था। उपचुनाव में तीन मुख्यमंत्रियों के बेटे मैदान में हैं। भाजपा ने इस बार येदियुरप्पा के बेटे बीवाई राघवेंद्र को टिकट दिया है। वहीं, जेडीएस ने पूर्व मुख्यमंत्री बंगरप्पा के बेटे मधु और जनता दल ने पूर्व मुख्यमंत्री जेएच पटेल के बेटे महिमा पटेल को चुनावी मैदान में उतारा है।
बेल्लारी से श्रीरामुलु की बहन भाजपा से उम्मीदवार
बेल्लारी लोकसभा सीट से भाजपा नेता श्रीरामुलु की बहन शांता उम्मीदवार हैं। यह सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। इस सीट से श्रीरामुलु ने इस्तीफा देकर मोलाकालमुरु सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा था। यहां कांग्रेस ने वीएस युगरप्पा को उम्मीदवार बनाया है।
कांग्रेस विधायक के निधन के बाद खाली हुई जामखंडी सीट
मांड्या लोकसभा सीट जेडीएस नेता पुत्ताराजू के इस्तीफे के बाद से खाली है। पुत्ताराजू ने मेलुकोटे विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। पुत्ताराजू राज्य की गठबंधन सरकार में मंत्री हैं। वहीं, जामखंडी सीट से कांग्रेस ने आनंद न्यामा गौड़ा को टिकट दिया है। यह सीट कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धू न्यामा गौड़ा के निधन के बाद से खाली है। इस सीट से श्रीकांत कुलकर्णी भाजपा के प्रत्याशी हैं। इन सीटों पर कुल 54 लाख 54 हजार 275 मतदाता हैं। चुनाव के नतीजे 6 नवंबर को आएंगे।
Comment Now