भोपाल. विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों की पहली सूची गुरुवार को आने की पूरी संभावनाएं थीं, पर दिनभर चली माथापच्ची के बाद देर शाम को तय हुआ कि सूची नहीं आएंगी। अब इनके शुक्रवार को आने की संभावना है।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अरुण जेटली और सुरक्षा स्वराज की माैजूदगी में सभी सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए गए। बैठक लंबी खिंचने और कांग्रेस की सूची अटक जाने के कारण भाजपा ने भी नामों की घोषणा एक दिन के लिए टाल दी। देर रात सीईसी की बैठक खत्म होने के बाद शाह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को रोक लिया और करीब एक घंटे तक अलग से बात की। ऐसी ही स्थिति कांग्रेस में भी रही।
भाजपा में 75 नामों पर बनी सहमति: इधर, दिल्ली में दो दौर की चर्चा के बाद गुरुवार सुबह 11 बजे से प्रदेश चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के निवास पर प्रदेश के नेताओं की फिर बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री, राकेश सिंह, सुहास भगत और विनय सहस्त्रबुद्धे के साथ प्रदेश चुनाव समिति के भी कुछ सदस्य मौजूद रहे। शहरों की उलझी सीटों के साथ करीब 75 सीटों पर आमराय बनाई गई। यह बैठक दोपहर करीब साढ़े तीन बजे तक चली।
शाम चार बजे से सीईसी की बैठक प्रस्तावित थी, जो साढ़े पांच बजे शुरू हुई। सूत्रों की मानें तो करीब 50 विधायकों के टिकट काटे जाने और 2013 के हारे हुए भी 30 से 40 लोगों को बदलने की बात हुई है। प्रदेश संगठन की ओर से हालांकि इसकी पुष्टि नहीं की गई।
कांग्रेस में 170 नामों पर सहमति: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के निवास पर बुधवार को हुई लंबी चर्चा के बाद उम्मीद थी कि कांग्रेस गुरुवार को उम्मीदवारों का ऐलान कर देगी, लेकिन प्रदेश के शीर्ष नेताओं के बीच की कथित खींचतान के कारण ऐसा नहीं हो पाया। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक शुक्रवार की सुबह 11 बजे से प्रस्तावित है।
पार्टी सूत्रों की मानें तो कांग्रेस लगभग 170 नामों पर सहमति बनाने के बाद शुक्रवार को करीब सवा सौ नामों की घोषणा कर सकती है। सूत्रों का कहना है कि 50 सीटों पर पैनल है, जिस पर अहमद पटेल, अशोक गेहलोत और वीरप्पा मोइली की तीन सदस्यीय कमेटी चर्चा करके सीईसी के सामने रखेगी।
Comment Now