दंतेवाड़ा. अरनपुर थाना क्षेत्र के नीलावाया के जंगल में मंगलवार सुबह पुलिस आैर नक्सल मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए। मुठभेड़ के दौरान दूरदर्शन दिल्ली से आई मीडिया की टीम के कैमरामेन को भी गोली लगी है। नक्सली उसका कैमरा भी छीनकर ले गए हैं। दूरदर्शन का कैमरामैन बुरी तरह से घायल है। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया गया कि अरनपुर थाने से सुबह करीब 6 बजे जवान सर्चिंग के लिए निकले थे। इस दौरान नीलावाया में नक्सलियों के लगाए अंबुश में फंस गए। जवानों के साथ उस दौरान दिल्ली से चुनाव कवरेज के लिए आई दूरदर्शन की टीम भी थी। जवानों और टीम के फंसते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाब में जवानों ने भी फायरिंग शुरू कर दी। दोनों ओर से चली गोलीबारी में एएसआई रुद्र प्रताप और सहायक आरक्षक मंगलराम शहीद हो गए। जबकि दूरदर्शन के कैमरामैन को भी गोली लगी है। नक्सली टीम से कैमरा छीनकर ले गए हैं। कई नक्सलियों के भी घायल होने की सूचना है। अभी भी मुठभेड़ चल रही है।
Comment Now