खेल डेस्क. भारत के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने सोमवार को मुंबई में हुए चौथे वनडे में वेस्टइंडीज के तीन खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। मैच के दौरान जैसे ही उन्होंने एश्ले नर्स को रोहित शर्मा के हाथों पहली स्लिप में कैच कराया। वे इस साल वनडे में सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों में दूसरे नंबर पर पहुंच गए। कुलदीप के इस साल 18 वनडे में 44 विकेट हो गए। वे अब अफगानिस्तान के राशिद खान से ही पीछे हैं। राशिद ने 20 वनडे में 3.89 की इकॉनमी से 48 विकेट लिए हैं।
कुलदीप ने इंग्लैंड के आदिल रशीद को पीछे छोड़ा। रशीद ने इस साल 24 वनडे में 5.41 की इकॉनमी से 42 विकेट लिए हैं। अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान 37 विकेट के साथ चौथे और 30 विकेट लेने वाले जिम्बाब्वे के टेंडई चतारा पांचवें नंबर पर हैं।
कुलदीप अब इस साल एक वनडे ही खेल पाएंगे, जो तिरुवनंतपुरम में एक नवंबर को होना है। यदि उसमें वे पांच विकेट लेने में सफल रहे तो राशिद खान को पीछे छोड़ देंगे। ऑस्ट्रेलिया दौरे में वे पहला वनडे 12 जनवरी को खेल पाएंगे।
खिलाड़ी | राशिद | कुलदीप | रशीद | मुजीब | चतारा |
देश | अफगानिस्तान | भारत | इंग्लैंड | अफगानिस्तान | जिम्बाब्वे |
वनडे | 20 | 18 | 24 | 20 | 21 |
विकेट लिए | 48 | 44 | 42 | 37 | 30 |
रन दिए | 694 | 782 | 1154 | 723 | 811 |
5 विकेट | 2 | 1 | 0 | 1 | 0 |
औसत | 14.45 | 17.77 | 27.47 | 19.54 | 27.03 |
कुलदीप यादव ने जून 2017 में अपना वनडे डेब्यू किया था। तब से अब तक वे 32 मैच में 65 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। उनके डेब्यू करने के बाद से कोई भी गेंदबाज इतने विकेट नहीं ले पाया है।
राशिद ने जून 2017 से अब तक 23 वनडे खेले हैं। इसमें उन्होंने 55 विकेट लिए हैं। वहीं, रशीद ने 29 वनडे में 49, मुजीब उर रहमान ने 23 वनडे में 44 और टेंडई चतारा ने 26 वनडे में 36 विकेट लिए हैं।
इस साल सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों में छठे नंबर पर मौजूद युजवेंद्र चहल ने कुलदीप के डेब्यू के बाद से 20 वनडे खेले। इस दौरान भारत का यह लेगब्रेक गुगली गेंदबाज 55 विकेट हासिल करने में सफल रहा।
कुलदीप ने अब तक विदेश में 22 वनडे खेले और 47 विकेट लिए। एक बार पांच विकेट भी लिए। उन्होंने इस साल विदेश में 15 वनडे खेले और 36 विकेट चटकाए, यानी हर मैच में औसतन दो से ज्यादा विकेट लिए।
कुलदीप ने घरेलू मैदान पर अब तक कुल 10 वनडे खेले हैं। इनमें उन्होंने 5.79 की इकॉनमी से 19 विकेट लिए। उन्होंने इस साल घरेलू मैदान पर तीन वनडे में 5.68 की इकॉनमी से आठ विकेट लिए।
Comment Now