Saturday, 24th May 2025

छत्तीसगढ़ / दल बदल के खेल में जाेगी कांग्रेस-बसपा गठबंधन और भाजपा को झटका

Mon, Oct 29, 2018 6:45 PM

  • जांजगीर-चांपा में भाजपा जिला उपाध्यक्ष चढ़े हाथी पर, मिला बसपा से टिकट
  • खरसिया में गठबंधन ने जिन्हें बनाया उम्मीदवार, उन्होंने थामा कांग्रेस का हाथ

 

रायगढ़/जाजंगीर-चांपा.  छत्तीसगढ़ में अभी पहले चरण के चुनाव होने हैं। वहीं दूसरे चरण के लिए जोगी कांग्रेस व बसपा गठबंधन और कांग्रेस, भाजपा प्रत्याशियों की सूची जारी कर रही है। इसके साथ ही दल बदल का खेल भी जारी हो गया है। जांजगीर-चांपा में भाजपा जिला उपाध्यक्ष रहे व्यास कश्यप ने बसपा की सदस्यता ले ली है। बसपा ने उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं रायगढ़ में जहां खरसिया सीट से छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस और बसपा गठबंधन के उम्मीदवार विजय जायसवाल ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। 

विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण के खेल में जहां रूठने-मनाने का दौर जारी हैं, वहीं टिकट नहीं मिलने से नाराजगी भी है। ऐसे में नाराज नेता दल-बदल के खेल में लग गए हैं। बड़ा झटका बसपा-जोगी कांग्रेस गठबंधन को लगा है। खरसिया सीट से गठबंधन के उम्मीदवार बनाए गए विजय जायसवाल ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया। 

 

विजय जयसवाल का कहन है कि उन्होंने कांग्रेस के रीति-नीति से प्रभावित होकर पार्टी ज्वाइन की है। छत्तीसगढ़ बसपा ने अपनी तीसरी सूची में खरसिया विधानसभा से विजय जायसवाल को मैदान में उतारा था।  विजय जायसवाल कलार समाज के महाध्यक्ष हैं और कांग्रेस के उमेश पटेल भी अघरिया समाज से आते हैं। भाजपा से भी अघरिया समाज के ओपी चौधरी मैदान पर हैं।

 

ऐसे में खरसिया में मुख्य मुकाबला अघरिया समाज के बीच हो रहा था। विजय जायसवाल के कांग्रेस में शामिल होने के बाद उमेश पटेल को फायदा मिलने के कयास लगाए जा रहे हैं। खरसिया विधानसभा सीट छत्तीसगढ़ की हाई प्रोफाइल सीटों में से एक है। 

 

वहीं जांजगीर चांपा से भाजपा के जिला उपाध्यक्ष ने पार्टी को बाय-बाय कह दिया है। जांजगीर चांपा से भाजपा के जिला उपाध्यक्ष व्यास कश्यप ने भाजपा छोड़ हाथी की सवारी कर ली। उन्होंने बसपा प्रदेश प्रभारी लालजी वर्मा की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ली है।

 

दरअसल, व्यास कश्यप टिकट की दौड़ में शामिल थे, लेकिन भाजपा के टिकट तय होने के बाद पार्टी से नाराज चल रहे थे। टिकट नहीं मिलने से कश्यप के बसपा में जाने की कयास शुरू हो गए थे। लोग व्यास के बसपा में जाने से होने वाली लाभ-हानि का आंकलन ही कर रहे थे कि उन्होंने भाजपा को झटका देते हुए तमाम अटकलों को विराम दिया और रविवार देर रात बसपा में शामिल हो गए।

 

कांग्रेस ने जांजगीर चांपा में पांचवी बार मोतीलाल देवांगन को टिकट दिया है। चांपा में अब 15 साल पुराने प्रतिद्वंदी भाजपा के नारायण चंदेल और मोतीलाल देवांगन फिर से आमने-सामने होंगे। इधर,बसपा ने भाजपा से ही निकले व्यास कश्यप को अपना प्रत्याशी बनाया है, जिससे यह जांजगीर का मुकाबला रोचक हो गया है। 

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery