पणजी. कांग्रेस के दो विधायक सोमवार देर रात दिल्ली के लिए रवाना हुए। अटकलें हैं कि दोनों विधायक मंगलवार को भाजपा में शामिल होंगे। इनके नाम दयानंद सोप्ते और सुभाष शिरोडकर हैं। दोनों भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से भी मिल सकते हैं। दरअसल, गोवा में मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर तबीयत ठीक नहीं है। उन्हें प्रेंकियाज से जुड़ी बीमारी है। कांग्रेस का कहना है कि इस वजह से राज्य में कामकाज ठप पड़ा है। विपक्ष की मांग है कि गोवा में राष्ट्रपति शासन लगाया जाए।
गोवा भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने न्यूज एजेंसी से दावा किया है कि कांग्रेस के दोनों विधायक पार्टी से जल्द इस्तीफा देंगे। सोप्ते ने 2017 विधानसभा चुनाव में भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पार्सेकर को मन्द्रेम सीट पर 7000 वोटों से हराया था। मनोहर पर्रिकर के नवंबर 2014 में रक्षा मंत्री बनने के बाद पार्सेकर को मुख्यमंत्री बनाया गया था।
शिरोडकर कांग्रेस की टिकट पर शिरोडा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। दोनों विधायक आधी रात को गोवा से फ्लाइट लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुए। उधर, कुछ वक्त पहले गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे भी दिल्ली के लिए रवाना हुए थे।
एयरपोर्ट पर सोप्ते ने मीडिया से कहा कि मैं एक बिजनेस ट्रिप पर जा रहा हूं। वहीं, जब शिरोडकर से जब पूछा गया कि क्या आप बीजेपी में शामिल होने वाले हैं? इस पर उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होगा तो आपको पता चल जाएगा।
कांग्रेस का कहना है कि दोनों ने भरोसा दिलाया है कि वे पार्टी से इस्तीफा नहीं दे रहे हैं। मीडिया में जो भी खबरें चल रही हैं, वह गलत है। राज्य में कांग्रेस के सभी विधायक पार्टी के साथ हैं।
40 सदस्यों वाली गोवा विधानसभा में भाजपा के 14 विधायक हैं। एमजीपी (3), जीएफपी (3) और एनसीपी (1) के समर्थन से भाजपा ने सरकार बनाई थी। कांग्रेस के 16 विधायक हैं।
Comment Now