बिलासपुर. सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी में सोमवार रात डांडिया खेलकर अपने दोस्त के साथ घर लौट रही किशोरी से दो युवकों ने दुष्कर्म किया। दोस्त को डरा-धमका कर दोनों आरोपी किशोरी को अपने साथ ले गए और दुष्कर्म करने के बाद वहीं छोड़ भाग निकले। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पहचान के बाद दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, सिरगिट्टी क्षेत्र में एक किशोरी अपने दोस्त के साथ डांडिया खेलने के लिए गई थी। वहां से घर लौटने लगी तो काफी रात हो चुकी थी। अभी किशोरी अपने दोस्त के साथ इंद्रपुरी पहुंची ही थी कि दो युवक पीछा करते हुए आ गए और उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि दोनों युवकों ने उसके दोस्त को डरा-धमका कर चुप रहने के लिए कहा और किशोरी को साथ ले गए और कुछ दूरी पर आरोपियों ने उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद किशोरी को वहीं छोड़कर भाग निकले। इस बीच किशोरी का दोस्त किसी तरह घर पहुंचा अौर परिजनों को जानकारी दी।
इस पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और किशोरी को ढूंढने पहुंच गए। इस दौरान पुलिस ने भी तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी मुकेश डाहरि और उसका दोस्त दोनों ही सिरगिट्टी के रहने वाले हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
Comment Now