भोपाल. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और कांग्रेस के मीडिया प्रभारी शुक्रवार को भोपाल में थे। प्रेस कांन्फ्रेंस में संबित पात्रा ने जहां शिवराज के काम पर भरोसा जताया, वहीं रणदीप सुरजेवाला ने प्रदेश सरकार को किसान विरोधी बताया।
भाजपा ने राहुल पर साधा निशाना : भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने भोपाल पहुंचते ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल जहां जाते हैं वहां कांग्रेस चुनाव हार जाती हैं। ऐसे कई उदाहरण पिछले चुनावों में हैं। हम तो चाहते हैं कि मप्र में राहुल ज्यादा से ज्यादा जगहों पर जाएं। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के काम के भरोसे ही भाजपा चौथी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले पांच राज्यों के साथ केंद्र सरकार ने विकास के इतने काम किए हैं कि उनकी कोई तुलना नहीं है। जनता का शिवराज सरकार से नाराज होने का कोई कारण ही नहीं बनता। इससे पहले पात्रा ने पार्टी दफ्तर पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह से मुलाकात की।
रफाल पर जनता देगी जवाब : रफाल मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मप्र की जनता राहुल गांधी और कांग्रेस का करारा जवाब देगी। यह कोई मसला नहीं है। जहां तक कांग्रेस दुष्कर्म को लेकर चिल्ला रही है तो वह बताए कि राहुल गांधी पर एक महिला के द्वारा शोषण के आरोप लगे थे, उस पर कोई जवाब देगा?
किसानाें से दुर्दांत आतंकियों जैसा व्यवहार करती भाजपा सरकार : कांग्रेस के मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी और शिवराज सरकार दोनों किसान विरोधी हैं। प्रदेश सरकार किसानों के साथ दुर्दांत आतंकियों जैसा व्यवहार करती है। वे कर्जमाफी की मांग करते हैं तो उन्हें गोली मार दी जाती है। लोकसभा में केंद्र सरकार ने जानकारी दी है कि 2013 से अब तक हर साल किसानों की आत्महत्या के मामले 21% बढ़ रहे हैं। सुरजेवाला ने कहा कि मप्र किसान दर-दर की ठोकरें खा रहा है और सीएम अपने खेतों में करोड़ों के अनार-फूल उगा रहे हैं। प्रदेश में एक भी किसान ऐसा नहीं जिसका दूध 60 रुपए किलो बिकता हो लेकिन सीएम के बेटे कार्तिकेय का सुधामृत दूध जरूर अधिकारियों के दबाव में 60 रु. किलो बिकवाया जाता है।
प्याज खरीद में करोड़ों का घोटाला : उन्होंने कहा कि किसानों की हर योजना यहां भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी। प्याज खरीदी सिर्फ 62 करोड़ की हुई और 44 करोड़ रुपए हम्माली और परिवहन पर खर्च होना बता दिया गया। 250 करोड़ का दाल घोटाला। कांग्रेस सरकार बनी तो सब घोटालों की जांच जन आयोग से कराएंगे।
Comment Now