Sunday, 1st June 2025

मी टू / अमित शाह ने कहा- अकबर के मामले में हम जरूर सोचेंगे; केंद्रीय मंत्री पर अब तक 10 आरोप

Sat, Oct 13, 2018 6:12 PM

  • भाजपा अध्यक्ष ने कहा- देखना होगा कि आरोप सही हैं या गलत
  • 10वीं महिला नीदरलैंड की पत्रकार, आरोप- अकबर ने 2007 में उत्पीड़न किया था
  • केंद्रीय मंत्री मेनका का प्रस्ताव- मी टू के मामलों की जनसुनवाई के लिए कमेटी बनेगी
  • बीसीसीआई के सीईओ राहुल जौहरी पर भी लगा यौन उत्पीड़न का आरोप
  • आलोक नाथ ने विन्ता नंदा पर मानहानी का केस दर्ज कराया

 

नई दिल्ली. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर पर लगे आरोपों की जांच की जाएगी। अकबर पर यौन उत्पीड़न के अब तक 10 आरोप लग चुके हैं। शाह ने कहा, ‘‘देखना पड़ेगा कि ये सच है या गलत। हम निश्चित ही इस पर गौर करेंगे। हमें (अकबर के खिलाफ) हुए पोस्ट और पोस्ट करने वाले लोगों की सत्यता जांचनी होगी। आप मेरे नाम से भी कुछ भी पोस्ट कर सकते हैं। लेकिन हम इस पर जरूर सोचेंगे।’’ इस बीच, अभिनेता आलोक नाथ ने ‘तारा’ सीरियल की प्रोड्यूसर रहीं विन्ता नंदा के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है। विन्ता का आरोप था कि एक ‘संस्कारी अभिनेता’ ने उनके साथ दुष्कर्म किया था।

अकबर पर एक और आरोप

  1.  

    नीदरलैंड की एक पत्रकार ने भी अकबर पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। महिला ने बताया कि वह 18 साल की थी जब उसने 2007 में नई दिल्ली में एक अंग्रेजी अखबार के लिए रिपोर्टिंग शुरू की थी।  

     

  2.  

    महिला ने कहा- अकबर मेरे पिता के दोस्त थे। इसके बावजूद उन्होंने मुझे नहीं छोड़ा। एक बार वे मेरी डेस्क के पास आए। मैं सम्मान में खड़ी हो गई। उन्होंने मेरे कंधों के नीचे हाथ रखा और मुझे जकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने जबर्दस्ती मुझे किस किया।

     

  3. राहुल जौहरी पर एक पत्रकार ने लगाया आरोप

     

    एक महिला ने ट्वीट करके बीसीसीआई के सीईओ राहुल जौहरी पर आरोप लगाया कि एक जॉब को लेकर दोनों की मुलाकात हुई थी। महिला का कहना है कि उस दौरान राहुल ने उसका फायदा उठाने की कोशिश की। राहुल 2016 में बीसीसीआई के सीईओ बने थे। 

     

  4. विन्ता नंदा ने लगाए थे आरोप

     

    नब्बे के दशक के टीवी शो ‘तारा’ की राइटर-प्रोड्यूसर विन्ता नंदा ने ‘संस्कारी अभिनेता’ पर 25 साल पहले दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। इशारा आलोक नाथ की तरफ माना गया। इस पर आलोक नाथ का कहना था- महिला 25 साल तक खामोश क्यों रही? क्या उस वक्त उन्हें कानून और पुलिस पर भरोसा नहीं था? अब आलोक नाथ ने विन्ता नंदा के खिलाफ मानहानी का केस दर्ज कराया है।

     

  5. मेनका गांधी का प्रस्ताव- 4 रिटायर्ड जजों की कमेटी बनेगी

     

    केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र सरकार मी टू कैम्पेन के तहत सामने आ रहे मामलों की जनसुनवाई के लिए चार रिटायर्ड जजों की कमेटी बनाएगी। मेनका ने कहा कि मुझे उत्पीड़न की शिकायत करने वाली महिलाओं पर भरोसा है।

     

  6.  

    मेनका ने कहा कि मुझे महिलाओं के दर्द का एहसास भी है। हम कमेटी बनाने का प्रस्ताव मंत्रिमंडल के सामने रखेंगे। कमेटी के गठन के बारे में मेनका ने बताया कि न्यायाधीशों का एक समूह कुछ मामलों की स्वतंत्र रूप से जांच करेगा और हमें सलाह देगा।

     

  7. साजिद खान और नाना पाटेकर ने हाउसफुल-4 छोड़ी

     

    फिल्म डायरेक्टर साजिद खान और अभिनेता नाना पाटेकर भी यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे हैं। साजिद पर उनकी पूर्व असिस्टेंट डायरेक्टर और एक्ट्रेस सलोनी चोपड़ा ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। वहीं, नाना के खिलाफ अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने शिकायत दर्ज कराई है।

     

  8.  

    फिल्म के दूसरे कलाकार अक्षय कुमार ने मामले की जांच पूरी होने तक हाउसफुल-4 की शूटिंग रोकने की मांग की थी। साथ ही कहा था कि मैं किसी भी ऐसे व्यक्ति के साथ काम नहीं करूंगा, जिस पर उत्पीड़न का आरोप है। इसके बाद साजिद खान और नाना पाटेकर ने हाउसफुल-4 छोड़ दी। 

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery