गाजियाबाद. कर्जमाफी, गन्ना की कीमतों समेत कई अन्य मांगों को लेकर दिल्ली मार्च करने जा रहे उत्तरप्रदेश के हजारों किसानों की दिल्ली बॉर्डर पर पुलिस से झड़प हो गई। किसानों पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। भारतीय किसान यूनियन के बैनर के तले किसान आंदोलन कर रहे हैं।
किसान को दिल्ली के पहले रोक दिया गया है। दिल्ली-यूपी सीमा में भारी संख्या में पुलिस बल के साथ पैरामिलिट्री के जवानों को तैनात किया गया। उत्तरप्रदेश से सटे दिल्ली के इलाकों के साथ ही गाजियाबाद और नोएडा में भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
बॉर्डर सील करने से नाराज भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा, "आखिर हमें यहां क्यों रोका जा रहा है? हम अनुशासित होकर रैली निकाल रहे हैं। यदि, अपनी सरकार से हम समस्याओं के बारे में नहीं बताएंगे तो फिर किससे कहेंगे? क्या हम पाकिस्तान या बांग्लादेश जाते?
करीब पांच किलोमीटर लम्बी इस किसान यात्रा में सैकड़ों, ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहन शामिल हैं। बड़ी संख्या में पैदल किसान भी रैली के साथ हैं। किसान सरकार विरोधी और किसान एकता के नारे लगा रहे हैं। किसानों की बड़ी संख्या ने पुलिस की टेंशन बढ़ा दी। दिल्ली जाने वाली कई सड़कों पर रूट डायवर्जन किया गया, बावजूद इसके सड़कों पर भीषण जाम लगा है।
इससे पहले सोमवार को किसान नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। लेकिन, बताया जा रहा है कि यह वार्ता विफल रही। किसान नेता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करना चाहते हैं। लेकिन, उनसे समय नहीं नहीं मिल पाया है। केंद्रीय गृहमंत्री ने भी किसान नेताओं से बात की, लेकिन बात नहीं बन पाई है।
Comment Now